Mandi News: विधायक ने निक्षय वाहन को दिखाई हरी झंडी
चंबा। 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 के तहत नर्सिंग प्रशिक्षुओं ने जागरूकता रैली निकाली। इससे पूर्व सदर विधायक नीरज नैयर ने निक्षय वाहन को हरी झंडी देकर रवाना किया। रैली के जरिये नर्सिंग प्रशिक्षुओं ने लोगों को टीबी रोग के लक्षण, इलाज और सरकार की निक्षय पोषण योजना की जानकारी दी। इस दौरान उन्हें निक्षय शपथ भी दिलाई गई। विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य विभाग 24 मार्च से इस अभियान के अंतर्गत टीबी वाले उच्च जोखिम गांव में आयुष्मान आरोग्य शिविर लगा रहा है। इसमें टीबी रोग से संबंधित रोगों के लक्षणों की स्क्रीनिंग और छाती के एक्स-रे करके लोगों की जांच की जा रही है। मंगलवार को गुड्डा गांव में शिविर लगाया गया। अब तक विभाग 39 आयुष्मान आरोग्य शिविर लगा चुका है। इसमें 2103 लोगों की जांच की गई। 300 लोगों की बलगम जांच के नमूने लिए गए और दो टीबी रोगियों की पहचान की गई। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. हरित पुरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करण, डॉ. सोहेल अहमद, डॉ. वैभवी सहित अन्य मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 14, 2026, 15:48 IST
Mandi News: विधायक ने निक्षय वाहन को दिखाई हरी झंडी #MLAFlaggedOffTheNikshayVehicle #SubahSamachar
