Yamuna Nagar News: बाढ़ से बचाव के लिए 14 मई को होगी मॉक ड्रिल
यमुनानगर। अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा ने कहा कि हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार बाढ़ संभावित जिलों में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल अभ्यास का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में यमुनानगर में 12 मई को टेबल टॉप एक्सरसाइज और 14 मई को मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा, ताकि संभावित बाढ़ जैसी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। वह बुधवार को जिला सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने मॉक ड्रिल की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इससे पूर्व राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डीके बेहरा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से प्रदेशभर के जिलों में मॉक ड्रिल अभ्यास की तैयारियों का जायजा लिया। नवीन आहूजा ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है। इसके तहत सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप संचालित किया जाएगा, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई संभव हो सके। उन्होंने बताया कि अभ्यास के दौरान नदी में जलस्तर बढ़ने, शहरी क्षेत्रों में जलभराव, भवनों को नुकसान और लोगों के फंसने जैसी संभावित स्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही राहत एवं बचाव कार्य, राहत शिविरों की स्थापना, घायलों का उपचार, एंबुलेंस सेवाएं, ट्रैफिक प्रबंधन और संचार व्यवस्था की भी जांच की जाएगी। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 07, 2026, 02:18 IST
Yamuna Nagar News: बाढ़ से बचाव के लिए 14 मई को होगी मॉक ड्रिल #MockDrillToBeHeldOnMay14ForFloodPrevention #SubahSamachar
