Rohtak News: सुपवा की 'अभिव्यंजना' में होगा 2 हजार से अधिक कलाकृतियों का दीदार
रोहतक। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) में वार्षिक कला प्रदर्शनी का तीन मई को शुभारंभ होगा। यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित फैकल्टी ऑफ डिजाइन के भवन में प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष करेंगे। कला प्रदर्शनी 'अभिव्यंजना' को लेकर शनिवार को देर शाम तक छात्र व फैकल्टी सदस्य तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। प्रदर्शनी में कला प्रेमियों को एक साथ दो हजार से अधिक कलाकृतियों को देखने का मौका मिलेगा।यूनिवर्सिटी की फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट्स की ओर से हर साल कला प्रदर्शनी आयोजित की जाती है। इसमें इस डिपार्टमेंट के छात्रों की तरफ से साल भर तैयार की गई अपनी कृतियों को प्रदर्शित करने का मौका मिलता है। इस साल इस वार्षिक प्रदर्शनी के 11वें संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। इसमें फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट्स के अंदर आने वाले पांच अलग-अलग विभागों के छात्र अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन करेंगे। फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट्स के कोऑर्डिनेटर विनय कुमार ने बताया कि इस प्रदर्शन में एप्लाइड आर्ट, एनीमेशन, पेंटिंग, स्कल्पचर (मूर्तिकला) व प्रिंट मेकिंग का समन्वय देखने को मिलेगा। इसमें अंडर ग्रेजुएशन व पोस्ट ग्रेजुएशन के फर्स्ट ईयर, सेकंड ईयर व फाइनल ईयर में पढ़ने वाले छात्रों की करीब 2000 से अधिक कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। कलाकृतियों में सामाजिक, धार्मिक प्रथाओं, विचारों, कहानियों, कथाओं व भविष्य की सोच के साथ कलाकृति तैयार करने वाले छात्रों के इमोशन देखने को मिलेंगे। मनोरंजन की भी मिलेगी डोजयूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार डॉ. गुंजन मलिक मिनोचा ने बताया कि कला प्रदर्शनी के दौरान आगंतुकों को मनोरंजन की भी डोज मिलेगी। फैकल्टी ऑफ डिजाइन की बिल्डिंग के कोर्ट यार्ड में एक ओपन स्टेज भी बनाया गया है। यह स्टेज शाम को साढ़े 6 बजे से रात 8 बजे तक एक्टिव रहेगी। स्टेज छात्रों के लिए ओपन रहेगा जिस पर वह अपनी प्रतिभा का मंचन कर सकेंगे। यूनिवर्सिटी के छात्र यहां पर कई तरह की सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन करेंगे।बढ़ रहा है प्रदर्शनी का दायराडीएलसी सुपवा के कुलपति डॉ. अमित आर्य ने बताया कि इस बार कला प्रदर्शनी का 11वां संस्करण आयोजित किया जा रहा है। हर साल इसका दायरा बढ़ रहा है। इस प्रदर्शनी में छात्र अपने विचार व अभिव्यक्ति को प्रदर्शित करते हैं इसलिए इस प्रदर्शनी का नाम 'अभिव्यंजना' रखा गया है। प्रदर्शनी में छात्रों की लगन, मेहनत व उनके टेलेंट का अद्भुत समावेश देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि 5 मई से प्रदर्शनी सभी लोगों के लिए खोल दी जाएगी और यह 8 मई तक जारी रहेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 02, 2026, 20:49 IST
Rohtak News: सुपवा की 'अभिव्यंजना' में होगा 2 हजार से अधिक कलाकृतियों का दीदार #MoreThan2 #000ArtworksWillBeOnDisplayAtSUPWA's'Abhivyanjana'. #SubahSamachar
