UP: पिता बृज भूषण के बरी होने पर भावुक हुए सांसद करण, बोले- आरोप लगाने वाले आज जवाब दें, वरना मुंह न दिखाएं

महिला पहलवानों से जुड़े कथित यौन शोषण मामले में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बरी होने के बाद उनके परिवार और समर्थकों में खुशी का माहौल है। बेटे व कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह ने भावुक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब उनके पिता पर आरोप लगे थे, तब आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कुछ नेता उन्हें रेपिस्ट, चोर कहने के साथ जला देना चाहिए जैसी अमर्यादित टिप्पणियां कर पहलवानों के धरने में शामिल हुए थे। करण भूषण ने कहा कि ऐसे लोग आज देश और समाज को जवाब दें, अन्यथा कहीं मुंह न दिखाएं। सांसद करण भूषण सिंह ने कहा कि उनके पिता का बरी होना केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था, सत्य और पूरे देश की जीत है। उन्होंने इसे सनातनी समाज, मेहनती पहलवानों, नौजवानों और देवीपाटन मंडल की जीत बताते हुए कहा कि जिन लोगों ने बिना किसी तथ्य के आरोप लगाए, उनके बारे में अब कुछ कहना भी उचित नहीं है। कैसरगंज सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह ने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह को शुरू से ही न्याय पालिका पर पूरा भरोसा है। अदालत के फैसले में समय जरूर लगा, लेकिन अंततः सत्य की जीत हुई। उन्होंने कहा कि आज का दिन नेता जी और उनके समर्थकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। समर्थकों में अपार उत्साह है और उन्हें विश्वास है कि बृजभूषण शरण सिंह की राजनीतिक वापसी भी पहले की तरह मजबूत होगी। देवीपाटन मंडल ही नहीं, पूरे प्रदेश की जनता उनके साथ खड़ी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 03, 2026, 15:02 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




UP: पिता बृज भूषण के बरी होने पर भावुक हुए सांसद करण, बोले- आरोप लगाने वाले आज जवाब दें, वरना मुंह न दिखाएं #CityStates #Gonda #UttarPradesh #GondaNews #UpNews #MpKaranBushan #SubahSamachar