Ambala News: सांसद कार्तिकेय शर्मा ने दी सामुदायिक केंद्र की सौगात
अंबाला। राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा रविवार को समालखा पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूलों की वर्षा के साथ सांसद का जोरदार स्वागत किया। उन्हें खुली जीप में बैठाकर पूरे गांव में शोभायात्रा निकाली गई। जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद ने ग्रामीणों की पुरानी मांग को पूरा करने का ऐलान किया। उन्होंने समालखा में एक अत्याधुनिक सामुदायिक केंद्र बनाने की घोषणा की। शर्मा ने कहा, उनका प्रयास रहेगा कि उनके अगले दौरे तक यह भवन बनकर तैयार हो जाए ताकि सामाजिक आयोजनों में ग्रामीणों को कोई असुविधा न हो। मीडिया से बातचीत में सांसद ने कांग्रेस पर प्रहार किया। रणदीप सुरजेवाला के आरोपों पर उन्होंने कहा कि जनता अपना फैसला सुना चुकी है, सुरजेवाला को हरियाणा के बजाय चुनावी राज्यों पर ध्यान देना चाहिए। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के मंडी दौरों को उन्होंने राजनीतिक स्टंट करार दिया। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा देश का इकलौता राज्य है, जहां 24 फसलों पर एमएसपी दी जा रही है। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 13, 2026, 02:54 IST
Ambala News: सांसद कार्तिकेय शर्मा ने दी सामुदायिक केंद्र की सौगात #MPKartikeyaSharmaGaveTheGiftOfACommunityCenter #SubahSamachar
