MP News:15 जुलाई तक प्रदेश में 70 सांदीपनि विद्यालयों का होगा लोकार्पण, CM बोले-इसे बच्चों का आनंदोत्सव बनाएं
सरकार प्रदेश में तैयार हो चुके 70 सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण 15 जुलाई तक करेगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निर्देश दिए हैं कि इन विद्यालयों का उद्घाटन केवल औपचारिक कार्यक्रम न होकर शिक्षा, संस्कृति और जनभागीदारी का उत्सव बने। इसमें बच्चों से लेकर अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों तक सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो।शुक्रवार को मंत्रालय में सांदीपनि विद्यालयों की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि 'स्कूल चलें अभियान' के दौरान होने वाले लोकार्पण कार्यक्रमों को यादगार बनाया जाए। उन्होंने कहा कि नए विद्यालयों का उद्घाटन बच्चों के बेहतर भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की नई शुरुआत का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि लोकार्पण समारोह में बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। सभी विद्यार्थियों को स्वल्पाहार और मिष्ठान्न भी वितरित किया जाए, ताकि यह दिन उनके लिए यादगार बन सके। ये भी पढ़ें-Bhopal News:राम मंदिर चंदा विवाद पर दिग्विजय का बड़ा ऐलान, 2 अक्टूबर से उज्जैन-अयोध्या पदयात्रा करेंगे गुरु सांदीपनि पर प्रकाशित होगी पॉकेट बुक मुख्यमंत्री ने गुरु सांदीपनि के जीवन और उनके आदर्शों पर आधारित एक छोटी पुस्तिका तैयार कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुरु सांदीपनि ने जाति, वर्ग और आर्थिक स्थिति का भेद किए बिना सभी बच्चों को समान शिक्षा दी थी। उनके जीवन से विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा, गुरु-शिष्य संबंध और नैतिक मूल्यों की प्रेरणा मिलेगी। ये भी पढ़ें-MP News:दतिया उपचुनाव के बीच आएंगे मुख्य चुनाव आयुक्त, इंदौर में 1500 बीएलओ से करेंगे संवाद 29 जुलाई को हर जिले में मनेगा गुरु पूर्णिमा उत्सव मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन सांदीपनि विद्यालयों का पहले ही लोकार्पण हो चुका है, वहां प्रवेशोत्सव उत्साहपूर्वक आयोजित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चे विद्यालयों से जुड़ें। उन्होंने निर्देश दिए कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रत्येक जिले के एक सांदीपनि विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाए। इसमें विज्ञान प्रदर्शनी, शिक्षकों का सम्मान, विद्यार्थियों और शिक्षकों के नवाचारों की प्रदर्शनी, डिजिटल एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित प्रस्तुतियां तथा मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। ये भी पढ़ें-MP News:प्राथमिकता वाले कामों में देरी पर सीएम नाराज, घोषणाओं को पूरा करने के लिए तीन दिन में मांगी कार्ययोजना 70 विद्यालय उद्घाटन के लिए तैयार बैठक में स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. संजय गोयल ने जानकारी दी कि प्रदेश में कुल 70 सांदीपनि विद्यालयों का निर्माण पूरा हो चुका है। इनमें स्कूल शिक्षा विभाग के 46 और जनजातीय कार्य विभाग के 24 विद्यालय शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों का लोकार्पण जिलों के प्रभारी मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कराया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक सांदीपनि विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कारयुक्त वातावरण वाला आदर्श शिक्षण संस्थान बनाया जाए, ताकि प्रदेश के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो सके।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 03, 2026, 21:21 IST
MP News:15 जुलाई तक प्रदेश में 70 सांदीपनि विद्यालयों का होगा लोकार्पण, CM बोले-इसे बच्चों का आनंदोत्सव बनाएं #CityStates #Bhopal #MadhyaPradesh #SandipaniVidyalaya #ChiefMinisterMohanYadav #SchoolEducation #TribalAffairsDepartment #'schoolChaleinAbhiyan'(schoolEnrollmentDrive) #GuruPurnima #Education #Students #MpGovernment #SubahSamachar
