MP: नर्मदा-क्षिप्रा लिंक योजना की पाइपलाइन फूटी, हाईटेंशन लाइन के नीचे मचा हड़कंप; हाईवे पर वाहनों की लगी कतार
इंदौर-इच्छापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिमरोल के समीप भेरूघाट स्थित बाबा ढाबा क्षेत्र में रविवार को नर्मदा-क्षिप्रा लिंक योजना की विशाल पाइपलाइन अचानक फूट गई। पाइपलाइन में अत्यधिक दबाव होने के कारण सैकड़ों फीट ऊंचाई तक पानी का तेज फव्वारा उठने लगा। घटना से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। घटनास्थल के ठीक पास हाईटेंशन विद्युत लाइन का टावर होने से लोगों में करंट फैलने का भय भी बना रहा। एहतियात के तौर पर स्थानीय लोगों ने सड़क के दोनों ओर यातायात रोक दिया। इसके चलते इंदौर-इच्छापुर नेशनल हाईवे पर कई घंटों तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। क्या बोले प्रत्यक्षदर्शी प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नर्मदा-क्षिप्रा लिंक परियोजना के जरिए नर्मदा का पानी उज्जैन सहित कई शहरों तक पहुंचाया जाता है। गर्मी के मौसम में जलापूर्ति बनाए रखने के लिए पाइपलाइन में लगातार उच्च दबाव से पानी छोड़ा जा रहा था। इसी दौरान भेरूघाट के पास पाइपलाइन का एक हिस्सा अचानक फट गया। दबाव इतना अधिक था कि पानी की तेज धार आसमान की ओर उठती दिखाई दी और आसपास के क्षेत्र में फैल गई। स्थानीय लोगों ने क्या कहा स्थानीय लोगों ने बताया कि पाइपलाइन फटने से निकला पानी तेज बहाव के साथ आसपास के कुछ मकानों तक पहुंच गया। कई घरों में पानी घुसने से टीवी, फ्रिज सहित अन्य घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। लोगों का कहना है कि यदि उस समय सड़क पर ज्यादा यातायात होता या पानी हाईटेंशन तारों के सीधे संपर्क में आ जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पाइपलाइन से तेज वेग से निकलता पानी और हाईवे पर खड़े वाहनों की लंबी कतार साफ दिखाई दे रही है। पढ़ें:कल इंदौर आएंगे धावक कार्तिक जोशी, कारगिल से कन्याकुमारी तक दौड़ रहे है क्या बोले अधिकारी स्थानीय नागरिकों के अनुसार इस क्षेत्र में पहले भी पाइपलाइन फूटने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। लोगों का अनुमान है कि अत्यधिक दबाव के कारण पाइपलाइन का वाल्व या जोड़ क्षतिग्रस्त हुआ होगा, जिसके चलते यह स्थिति बनी। घटना की सूचना मिलते ही नर्मदा घाटी विकास विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन में बड़ी मात्रा में पानी भरा होने के कारण सप्लाई बंद करने के बाद भी लंबे समय तक पानी का बहाव जारी रहा। क्या बोले जल संसाधन समिति के प्रभारी जल संसाधन समिति प्रभारी अभिषेक शर्मा बबलूने बताया कि यह पाइपलाइन कृषि और सिंचाई परियोजना से जुड़ी है। इसके फूटने से इंदौर शहर की पेयजल आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 31, 2026, 12:00 IST
MP: नर्मदा-क्षिप्रा लिंक योजना की पाइपलाइन फूटी, हाईटेंशन लाइन के नीचे मचा हड़कंप; हाईवे पर वाहनों की लगी कतार #CityStates #Indore #Khargone #MadhyaPradesh #NarmadaKshipraLinkYojana #MpPipelineBurst #NarmadaKshipraProject #MadhyaPradeshLatestNews #HighwayTrafficJam #HighTensionLineIncident #WaterPipelineLeak #SubahSamachar
