Ujjain News: MPT के सम्राट विक्रमादित्य द हेरिटेज होटल में नॉनवेज पकाने का आरोप, वीडियो आया सामने, उठे सवाल
धार्मिक नगरी उज्जैन में महाकाल मंदिर क्षेत्र स्थित एमपीटी के सम्राट विक्रमादित्य द हेरिटेज होटल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में होटल के किचन में कथित रूप से मांस-मछली पकाए जाने का दावा किया जा रहा है। यह होटल महाकाल मंदिर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित है और इसे शुद्ध शाकाहारी श्रेणी में संचालित किए जाने की बात कही जाती है। हालांकि प्रबंधन आरोपों को खारिज कर रहा है। वायरल वीडियो में रात के समय कुछ कर्मचारी भोजन बनाते दिखाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान कथित रूप से मुर्गा-मछली जैसा प्रतीत होने का दावा किया जा रहा है। साथ ही यह आरोप भी सामने आया है कि खाना बनाते समय किचन में लगे सीसीटीवी कैमरे का एंगल बदला गया, ताकि गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। संबंधित सीसीटीवी फुटेज के भी सामने आने की चर्चा है, जिससे मामला और तूल पकड़ गया है। ये भी पढ़ें-चैत्र कृष्ण द्वितीया पर त्रिनेत्र श्रृंगार में सजे बाबा महाकाल, दरबार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब होटल प्रबंधन ने बताया भ्रामक होटल प्रबंधन ने इन आरोपों को भ्रामक बताया है। प्रबंधन से जुड़े सतीश पाठक के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रही डिश पूरी तरह वेज थी और कुछ कर्मचारियों ने आपसी रंजिश के चलते सीसीटीवी फुटेज निकालकर उसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया। जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश पर्यटन निगम की एक टीम उज्जैन पहुंची और प्रारंभिक जांच की। प्रबंधन का कहना है कि जांच के दौरान भी स्पष्ट किया गया कि वीडियो में नॉनवेज नहीं पकाया जा रहा था। होटल वालों ने दर्ज कराया केस इस पूरे प्रकरण में होटल प्रशासन ने प्रियंका पटेल (एफओए), राकेश सेन (स्टोर कीपर), हरिशंकर साहू और अर्पित तिवारी के खिलाफ महाकाल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि इन्होंने झूठी शिकायत कर सीसीटीवी फुटेज के जरिए भ्रामक जानकारी फैलाई। मामले ने तूल तब पकड़ा जब बड़ा उदासीन अखाड़ा के संत दयानंद महाराज ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उज्जैन बाबा महाकाल और मां हरसिद्धि की पावन नगरी है, साथ ही यह सिंहस्थ की भूमि है जहांदेश-विदेश से साधु-संत तपस्या और धार्मिक आयोजन के लिए आते हैं। करोड़ों सनातनियों की आस्था इस भूमि से जुड़ी है। उनका कहना है कि यदि महाकाल क्षेत्र में इस प्रकार की कोई गतिविधि सामने आती है तो यह निंदनीय और अक्षम्य है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता से जांच कर ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 04, 2026, 19:30 IST
Ujjain News: MPT के सम्राट विक्रमादित्य द हेरिटेज होटल में नॉनवेज पकाने का आरोप, वीडियो आया सामने, उठे सवाल #CityStates #MadhyaPradesh #Ujjain #VideoSurfaces #SubahSamachar
