Punjab: हलवारा में 56 साल पुराने घर पर चला बुलडोजर, परिवार हाथ जोड़ता रहा; अधिकारियों ने एक नहीं सुनी
लुधियाना के हलवारा के मुल्लांपुर दाखा में मंगलवार शाम नगर कौंसिल के अधिकारियों ने डीसी के आदेशों पर वार्ड नंबर-9 (पुरानी मंडी) में बने वर्षों पुराने घर पर ढहा दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने 56 वर्ष पुराने मकान पर बुलडोजर चला दिया, कथित अवैध निर्माण वाले हिस्से को जेसीबी की मदद से तोड़ा गया। मकान मालिक राहुल कुमार के खिलाफ नशा तस्करी के तीन केस दर्ज हैं। इस दौरान घर के लोग हाथ जोड़कर कार्रवाई को बंद करने की मांग करते रहे, लेकिन अधिकारियों ने उनकी एक नहीं सुनी। कार्रवाई के दौरान मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट करमजीत सिंह (नायब तहसीलदार), एसपी राजन शर्मा, डीएसपी वरिंदर सिंह खोसा, एसएचओ हमराज सिंह सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। यह कार्रवाई शाम को की गई। नगर कौंसिल के ईओ हैपी कुमार जिंदल ने बताया कि मकान का केवल वही हिस्सा तोड़ा गया है जो अवैध रूप से बनाया गया था। एसपी (डी) राजन शर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई नगर कौंसिल द्वारा की गई है। मकान मालिक राहुल कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज होने के कारण किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। ड्यूटी मजिस्ट्रेट करमजीत सिंह ने भी यही कहा कि वह डिप्टी कमिश्नर लुधियाना द्वारा सौंपी गई ड्यूटी के तहत मौके पर उपस्थित हैं। इस दौरान उपस्थित अधिकारी इस कार्रवाई की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डालते नजर आए और कोई भी अधिकारी स्पष्ट जवाब देने से बचता रहा। राहुल कुमार की पत्नी शारदा देवी ने कहा कि मकान 1970 में उनके बच्चों के जन्म से भी पहले बना हुआ है, उन्होंने नगर कौंसिल और पुलिस प्रशासन पर धक्केशाही और जबरदस्ती करने का आरोप लगाया। नगर कौंसिल के प्रधान जसविंदर सिंह हैपी ने भी इस कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि मकान 1970 में बना हुआ है और उस समय नक्शा पास करवाने का कोई कानून ही लागू नहीं था। आम आदमी पार्टी की पार्षद सरोज बंसल के पति और पार्टी हलका मीडिया इंचार्ज मुकेश बंसल ने भी इस कार्रवाई का विरोध करते हुए सरासर ज्यादती बताया। उन्होंने कहा कि यदि यह निर्माण अवैध था तो प्रशासन 55 वर्षों तक क्यों सोया रहा। इस दौरान वह काफी भावुक नजर आए और प्रशासन के सामने हाथ जोड़कर कार्रवाई रोकने की अपील करते रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 03, 2026, 17:16 IST
Punjab: हलवारा में 56 साल पुराने घर पर चला बुलडोजर, परिवार हाथ जोड़ता रहा; अधिकारियों ने एक नहीं सुनी #CityStates #Ludhiana #Punjab #SubahSamachar
