Kaithal News: नगर पालिका सचिव ने किया महाराजा अग्रसेन पार्क का दौरा
कलायत। कलायत शहर के सात पार्कों की सुरक्षा एवं रखरखाव को लेकर आरटीआई के माध्यम से सामने आए फर्जीवाड़े को के बाद नगर पालिका सचिव पवन कुमार ने महाराजा अग्रसेन पार्क का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पार्क के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं की जांच की।सचिव ने पार्क परिसर में पौधों की छंटाई, सिंचाई, सफाई, हरियाली और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। नपा सचिव ने कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि पार्क की देखरेख में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से शौचालय की साफ-सफाई और उचित रखरखाव पर बल दिया। कर्मचारियों को आदेश दिया कि पार्क के भीतर जल निकासी और सफाई की व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए। ताकि यहां आने वाले लोगों को किसी भी तरह की दुर्गंध या गंदगी का सामना न करना पड़े। नगर पालिका सचिव ने सुपरवाइजर और अन्य फील्ड स्टाफ को कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति पार्क की व्यवस्था खराब करता है या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है तो उसकी सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को दी जाए। पार्क सामुदायिक संपत्ति है और इसकी व्यवस्था बनाए रखना नगर पालिका की जिम्मेदारी है। निरीक्षण के समय पार्क सुपरवाइजर नवीन, सफाई दरोगा सोम प्रकाश शर्मा मौजूद रहे।नपा प्रशासन का मुख्य उद्देश्य कपिल मुनि तीर्थ जैसे पवित्र स्थान के पास मौजूद पार्कों को खास तौर से अधिक आकर्षक और सुविधाजनक बनाना है। ताकि पर्यटन के प्रति लोग आकर्षित हों। उधर आरटीआई कार्यकर्ता सुरेंद्र बैद्य ने बताया कि मांगी गई सूची में जो जानकारी मिली है उसमें कलायत के सात पार्कों में सिक्योरिटी एवं रखरखाव के मामले मेंं फर्जीवाड़ा की पोल खुल चुकी है। इसके चलते तुरंत प्रभाव से पार्कों की व्यवस्था के नाम पर किए जा रहे फर्जीवाड़ा को रोकने के लिए तुरंत प्रभाव से भुगतान को रोका जाए। इस संबंध मेें उन्होंने विभिन्न स्तरों पर शिकायत दी है। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 06, 2026, 03:09 IST
Kaithal News: नगर पालिका सचिव ने किया महाराजा अग्रसेन पार्क का दौरा #MunicipalSecretaryVisitedMaharajaAgrasenPark #SubahSamachar
