Gurugram News: वेतन वृद्धि की मांग को लेकर मुंजाल शोवा के प्रशिक्षु कर्मचारी धरने पर
एसडीएम दर्शन यादव और असिस्टेंट लेबर कमिश्नर मनोज कुमार मौके पर पहुंचे, घंटों चली वार्ता रही बेनतीजासंवाद न्यूज एजेंसीमानेसर। औद्योगिक क्षेत्र मानेसर में वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर श्रमिकों का आक्रोश शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। होंडा कंपनी के बाद अब मुंजाल शोवा लिमिटेड के लगभग 200 से 300 प्रशिक्षु (ट्रेनी) कर्मचारी शनिवार सुबह कंपनी के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों की मांग है कि मौजूदा महंगाई को देखते हुए उनके स्टाइपेंड में तत्काल सम्मानजनक वृद्धि की जाए। धरने पर बैठे कर्मचारी आकाश, अंकित, मनीष और कुलदीप ने बताया कि उन्हें लंबे समय से मात्र 10,000 रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जैसे महंगे शहर में 10 हजार रुपये में कमरा किराया, भोजन और अन्य खर्च पूरे करना नामुमकिन हो गया है। हम अपने परिवार की मदद करना तो दूर, खुद का गुजारा भी नहीं कर पा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव और असिस्टेंट लेबर कमिश्नर मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच घंटों तक त्रिपक्षीय वार्ता चली। एसडीएम दर्शन यादव ने बताया कि ये कर्मचारी केंद्र सरकार की एक योजना के तहत प्रशिक्षण ले रहे हैं। हालांकि प्रबंधन ने कुछ छोटी मांगें मान ली हैं, लेकिन स्टाइपेंड बढ़ाने के मुख्य मुद्दे पर अभी कोई ठोस सहमति नहीं बन पाई है।पुलिस प्रशासन की टीम स्थिति को शांत बनाए रखने के लिए मौके पर तैनात है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक वेतन वृद्धि पर लिखित आश्वासन नहीं मिलता, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 04, 2026, 20:42 IST
Gurugram News: वेतन वृद्धि की मांग को लेकर मुंजाल शोवा के प्रशिक्षु कर्मचारी धरने पर #MunjalShowaTraineeEmployeesStageSit-inDemandingWageHike #SubahSamachar
