Sonipat News: मुरथल विवि में वित्तीय अनियमितता का आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग

माई सिटी रिपोर्टर सोनीपत। दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीक्रस्ट), मुरथल के शैक्षणिक संगठन डीक्रूटा ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता और प्रशासनिक गड़बड़ियों के आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की है। राज्यपाल को भेजी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विश्वविद्यालय अधिनियम, राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों और अकाउंट्स कोड की लगातार अनदेखी की गई है। इससे सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ। सबसे गंभीर आरोप कानूनी मामलों में सरकारी धन के दुरुपयोग से जुड़े हैं। शिकायत में कहा गया है कि बिना राज्य सरकार की स्वीकृति के लीगल एडवाइजर और स्टैंडिंग काउंसल की नियुक्ति की गई है। उन्हें तय मानकों से अधिक वेतन दिया गया है। साथ ही, गैर मान्यता प्राप्त वकीलों को सीनियर एडवोकेट के रूप में प्रस्तुत कर उन्हें उच्च फीस पर केस सौंपे गए। शिकायत में कहा गया है कि लगभग दो साल में अदालतों में चल रहे मामलों की संख्या में लगभग 900 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। पहले जहां औसतन 3-4 मामले प्रतिवर्ष होते थे वहीं, अब यह संख्या दर्जनों में पहुंच गई है। डीक्रूटा ने आरोप लगाया कि वित्तीय अनियमितताओं के कारण विश्वविद्यालय को हर साल करीब 4.25 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। इसके अलावा डीक्रूटा ने विश्वविद्यालय में आवास आवंटन में देरी, निर्माण परियोजनाओं का रुकना, पेंशन भुगतान में लापरवाही और अधिकारियों की गैर उपयोगिता जैसे मामलों को भी प्रशासनिक विफलता का उदाहरण बताया है। आरोप है कि कई सरकारी आवास वर्षों से खाली पड़े हैं और दूसरी ओर अपने रिश्तेदार को मकान आवंटित कर दिया गया।डीक्रूटा ने सभी आरोपों को देखते राज्य सरकार से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और हुए वित्तीय नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही, जांच की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए आरोपित अधिकारी को तत्काल अवकाश पर भेजने व प्रशासनिक व वित्तीय अधिकार वापस लेने की मांग की है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 13, 2026, 19:46 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Sonipat News: मुरथल विवि में वित्तीय अनियमितता का आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग #MurthalUniversityAllegesFinancialIrregularities #DemandsHigh-levelInquiry #SubahSamachar