Sonipat News: नेशंस कप की विजेता बेटियों का सोनीपत में अभिनंदन
सोनीपत। देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करने वाली महिला हॉकी खिलाड़ियों का बुधवार को भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र सोनीपत में स्वागत किया गया। ऑकलैंड में आयोजित प्रतिष्ठित नेशंस कप-2026 में खिताबी जीत हासिल करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य खिलाड़ियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया।इसमें खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सराहा गया और युवा खिलाड़ियों को उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र की कार्यकारी निदेशक ऋतु पथिक ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि न केवल भारतीय खेल जगत के लिए गर्व का विषय है बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता कठोर परिश्रम, अनुशासन और अदम्य इच्छाशक्ति का परिणाम है। समारोह में महिला हॉकी खिलाड़ी शिल्पी डबास ने अपने संघर्षपूर्ण सफर को साझा करते हुए बताया कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि उन्हें भारतीय टीम के प्रशिक्षण शिविर में स्थान मिलेगा। शिल्पी ने बताया कि निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और बेहतर प्रदर्शन के बल पर उन्होंने मात्र तीन माह के भीतर राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह बना ली। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर हों तो कोई भी सपना असंभव नहीं रहता।साक्षी राणा ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता की सबसे मजबूत नींव अनुशासन होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने लक्ष्य के प्रति पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी जो खिलाड़ी अनुशासन बनाए रखता है वही सफलता के शिखर तक पहुंचता है।स्टार खिलाड़ी नेहा गोयल ने कहा कि खेलों में उत्कृष्टता केवल मैदान पर प्रदर्शन से नहीं मिलती बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में अनुशासित दिनचर्या अपनाने से हासिल होती है। उन्होंने प्रशिक्षण, संतुलित आहार, विश्राम और मानसिक मजबूती को सफलता के महत्वपूर्ण आधार बताया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 24, 2026, 21:42 IST
Sonipat News: नेशंस कप की विजेता बेटियों का सोनीपत में अभिनंदन #NationsCup-winningDaughtersFelicitatedInSonipat #SubahSamachar
