18 किलो चिट्टे के साथ AAP सरपंच गिरफ्तार: नवजोत कौर का तंज, बोलीं- पहले अपनी पार्टी को स्कैन करे सरकार
तरनतारन में 18 किलो हेरोइन के साथ सरपंच की गिरफ्तारी के बाद पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सरकार भले ही नशा विरोधी अभियान चला रही हो, लेकिन ज्यादातर तस्कर इसी पार्टी से जुड़े बताए जा रहे हैं। नवजोत कौर ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि सरकार अपनी ही पार्टी को स्कैन करे तो कई चेहरे सामने आ जाएंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार की इंटेलिजेंस इतनी कमजोर है कि असली आरोपियों की पहचान नहीं कर पा रही। बता दें कि एनसीबी ने बुधवार तड़के तरनतारन के गांव कलसियां कलां के सरपंच परमजीत सिंह को 18 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी गांव की विलेज डिफेंस कमेटी का प्रधान भी बताया जा रहा है। एनसीबी की विशेष टीम ने सरपंच के घर पर छापा मारकर करीब 18 किलो हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 90 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस दौरान सरपंच को हिरासत में लेकर घर की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसकी निशानदेही पर भारी मात्रा में हेरोइन बरामद होने की बात सामने आई है। मामले को लेकर संबंधित एजेंसी ने अमृतसर थाना क्षेत्र में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 12, 2026, 16:53 IST
18 किलो चिट्टे के साथ AAP सरपंच गिरफ्तार: नवजोत कौर का तंज, बोलीं- पहले अपनी पार्टी को स्कैन करे सरकार #CityStates #Chandigarh-punjab #Amritsar #AapGovt #NavjotKaurSidhu #BhagwantMann #AapPunjab #SubahSamachar
