NCR Railway : कालिंदी एक्सप्रेस के जनरल कोच की खिड़कियों से रेलिंग गायब, सुरक्षा के नाम पर खिलवाड़
रेलवे एक तरफ हाईस्पीड और आधुनिक कोच का दम भर रही है, वहीं प्रयागराज से डॉ. अंबेडकरनगर एवं हरियाणा के भिवानी जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच यात्रियों के लिए मुसीबत का सबब बने हुए हैं। ट्रेन में चमचमाते एलएचबी रेक तो लगा दिए गए हैं, लेकिन इसके जनरल कोच की अधिकांश खिड़कियों से सुरक्षा की रेलिंग ही गायब है। हालात यह है कि बिना रेलिंग की खिड़कियां चोरों को दावत दे रही हैं। रेलिंग न होने से छोटे बच्चों के भी बाहर गिरने का खतरा रहता है। ट्रेन में लगे कोच (255948/सी) की कुल 20 में से 13 खिड़कियों में एक भी रेलिंग नहीं है। चार आपातकालीन खिड़की को जोड़ लें तो यह संख्या 17 हो जाती है।रेलवे के नियमों के मुताबिक, केवल आपातकालीन खिड़की (इमरजेंसी विंडो) पर ही रेलिंग नहीं होनी चाहिए लेकिन यहां तो पूरी बोगी ही आपातकालीन स्थिति में नजर आ रही है। इसके अलावा एक अन्य कोच (255940/सी) में लगी 20 में से सात खिड़कियों की ही रेलिंग सही सलामत दिखी। बाकी अन्य गायब हैं या फिर उनकी रेलिंग टेढ़ी-मेढ़ी या मुड़ गई हैं। ट्रेन के दूसरे रेक में लगने वाले जनरल कोच (255947/सी) की नौ खिड़कियों में रेलिंग नहीं थी। इसी तरह जनरल कोच (255082/सी) की भी नौ खिड़कियों की रेलिंग में सवालिया निशान थे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 20, 2026, 19:39 IST
NCR Railway : कालिंदी एक्सप्रेस के जनरल कोच की खिड़कियों से रेलिंग गायब, सुरक्षा के नाम पर खिलवाड़ #CityStates #Prayagraj #NcrRailway #PrayagrajJunction #DrAmbedkarExpress #SubahSamachar
