Ayodhya News: तीन साल बाद परिजनों से मिलेगी नेपाली युवती

अयोध्या। पिछले करीब तीन साल से घर से लापता हुई एक नेपाली युवती अब फिर से परिजनों से मिल सकेगी। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष सर्वेश अवस्थी के प्रयास से नेपाल दूतावास ने परिजनों को खोज निकाला है। युवती की परिजनों से बात भी कराई है। जल्द ही युवती को उसके परिजनों को सौंपने की तैयारी की जा रही है।वर्ष 2023 में नेपाल के परसा जिले के मठिया टोला, परवानीपुर निवासी 22 वर्षीय एक युवती भटककर गोंडा आ गई थी। जिला प्रोबेशन अधिकारी गोंडा के आदेश से उसे राजकीय महिला शरणालय अयोध्या भिजवाया गया। तभी से वह यहीं रह रही है। बीते दिनों बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ने प्रधान मजिस्ट्रेट शिवांगी त्रिपाठी के साथ राजकीय महिला शरणालय का निरीक्षण किया तो यह मामला प्रमुखता से उठाया गया।इसके बाद उन्होंने महिला के परिजनों की तलाश शुरू कराई। उन्होंने युवती के उपलब्ध विवरण के अनुसार नेपाल दूतावास से संपर्क किया। दूतावास ने नेपाल की एक संस्था को इसका जिम्मा सौंपा। संस्था से जुड़े लोगों ने कड़ी मशक्कत करके युवती के भाई व माता को खोजकर उसकी बात कराई। युवती ने परिजनों को पहचाना तो उसकी खुशी का ठिकाना न रहा। युवती के परिजन भी उसे अपने साथ ले जाने को लालायित हुए।सीडब्लूसी के अध्यक्ष ने बताया कि युवती से संबंधित समस्त जांच प्राप्त हो गई है। इस समय वह लगभग 22 वर्ष की है। उसके पिता अब जीवित नहीं हैं। नेपाल दूतावास ने भी पत्र भेजकर आभार प्रकट किया है। उसके भाई व माता के साथ उसे जल्द नेपाल भेजने का अनुरोध किया है। प्रक्रिया पूर्ण करके उसे जल्द ही भिजवाया जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 18, 2026, 17:17 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Ayodhya News: तीन साल बाद परिजनों से मिलेगी नेपाली युवती #NepaliGirlWillBeReunitedWithHerFamilyAfterThreeYears #SubahSamachar