नेटफ्लिक्स पर जासूसी के आरोप: अमेरिका में की गई शिकायत, कंपनी ने कहा- मुकदमा बेबुनियाद, कोर्ट में लड़ेंगे
अमेरिका के टेक्सास में वीडियो स्ट्रीमिंग सर्विस कंपनी नेटफ्लिक्स के खिलाफ एक मुकदमा दायर किया गया है। इसमें दावा किया गया है कि वह इस अमेरिकी राज्य के बच्चों और वयस्कों से उनकी सहमति के बिना डाटा इकट्ठा करती है और उन्हें जोड़े रखने के लिए लत लगाने वाले डिजाइन का इस्तेमाल करती है। कंपनी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। टेक्सास के अटॉर्नी जनरल केन पैक्सटन ने इस स्ट्रीमिंग सर्विस दिग्गज पर नागरिकों की जासूसी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ये कंपनी प्लेटफॉर्म पर उपभोक्ताओं के व्यवहार के बारे में जानकारियों को रिकॉर्ड और उनसे कमाई करती है। अटॉर्नी जनरल के कार्यालय ने कहा, प्लेटफॉर्म पर हरेक इंटरैक्शन यूजर के बारे में जानकारी देने वाला एक डेटा पॉइंट बन गया है। कंपनी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह अदालत में इन्हें चुनौती देगी। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक नेटफ्लिक्स के एक प्रवक्ता ने कहा, टेक्सास राज्य और अटॉर्नी जनरल पैक्सटन के प्रति सम्मान के साथ हम ये कहना चाहते हैं कि यह मुकदमा बेबुनियाद है। ये गलत और विकृत जानकारी पर आधारित है। उन्होंने कहा, कंपनी अपने सदस्यों की गोपनीयता को गंभीरता से लेती है और जहां भी हम काम करते हैं, वहां के गोपनीयता और डेटा संरक्षण कानूनों का पालन करते हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 16, 2026, 03:45 IST
नेटफ्लिक्स पर जासूसी के आरोप: अमेरिका में की गई शिकायत, कंपनी ने कहा- मुकदमा बेबुनियाद, कोर्ट में लड़ेंगे #TechDiary #International #SubahSamachar
