इंसानियत शर्मसार: नवजात बच्चे को पाइप में लावारिस छोड़ा, रोने की आवाज आने पर ग्रामीणों को पता चला
रतलाम जिले के ग्राम दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के ग्राम मथूरी में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात व्यक्ति नवजात शिशु (बालक) को जन्म देने के बाद पॉलीथिन में पैक करके बोरे के अंदर भरकर पुलिया के पास सड़क किनारे नीचे पाइप में फेंक गया। रोने की आवाज आने पर ग्रामीण वहां पहुंचे तथा उसे बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे एमसीएच अस्पताल की मदर चाइल्ड केयर यूनिट में भर्ती कराया है। बच्चे को छोड़ने वाले का पता नहीं चला है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार रविवार सुबह करीब दस बजे किसान अंबाराम पाटीदार निवासी ग्राम मथूरी गांव के पास स्थित रिंगरोड से होकर ग्राम घोड़ाखेड़ा स्थित अपने खेत पर जा रहे थे। वे रिंगरोड चौराहे के पास पुलिया के पास पहुंचे तो उन्हें पुलिया के पास सड़क किनारे लगे पाइप से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। वे रुके तथा नीचे जाकर देखा तो पाइप में बोरे के अंदर से आवाज आ रही थी। उन्होंने तत्काल बोरा खोलकर देखा तो उसके अंदर थैली में लिपटा नवजात बालक दिखा। उन्होंने तत्काल गांव के मुकेश चौधरी, गिरधारीचौधरी व सुनील राठौड़ को जानकारी दी। ये भी पढ़ें-इंदौर पुलिस पर पथराव, सिर में टांके पर धाराएं मामूली! क्या दबंगों के आगे पस्त हो गया खाकी का खौफ नवजात के पाइप में लावारिस मिलने की खबर से गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर कुछ ही देर में डायल 112 का दल वहां पहुंचा। पुलिस दल नवजात बालक को लेकर एमसीएच अस्पताल पहुंचे और जहां उसे मदर चाइल्ड केयर यूनिट में भर्ती किया गया। दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि नवजात को छोड़ने वाले का पता नहीं चला है। उसकी तलाश की जा रही है। ग्राम मथूरी और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कराए जा रहे है। अस्पतालों से भी जानकारी ली जा रही है। सुबह ही छोड़ा गया होगा ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे की नाल भी नहीं कटी है, इससे लगता है कि उसका जन्म रविवार सुबह ही हुआ होगा। रात में बारिश हुई थी लेकिन सुबह बारिश नहीं होने से पुलिया के नीचे ज्यादा पानी नहीं थी, नहीं तो बालक पानी में भी बह सकता था। यह भी माना जा रहा है कि बच्चा मिलने के कुछ समय पहले ही उसे वहां छोड़ा गया होगा, क्योंकि क्षेत्र में कुत्ते घूमते रहते है, यदि रात में छोड़ा गया होता तो कुत्ते भी उसे नोंच सकते थे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 28, 2026, 15:10 IST
इंसानियत शर्मसार: नवजात बच्चे को पाइप में लावारिस छोड़ा, रोने की आवाज आने पर ग्रामीणों को पता चला #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Ratlam #SubahSamachar
