Updates: पीएम मोदी कल कृषि पर वेबिनार को करेंगे संबोधित; ओडिशा में आज फोरेंसिक विवि की नींव रखेंगे अमित शाह

पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कृषि और ग्रामीण रूपांतरण विषय पर वेबिनार को संबोधित करेंगे। इस विषय के तहत आठ सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें चार प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इनमें कृषि, पशुपालन व डेयरी, मत्स्य पालन और ग्रामीण आजीविका शामिल हैं। वेबिनार में उच्च मूल्य वाली खेती को बढ़ावा देने पर खास जोर दिया जाएगा। इसमें काजू, नारियल, चंदन, अगरवुड, बादाम, अखरोट और चिलगोजा जैसी फसलों की संभावनाओं को कैसे बढ़ाया जाए इस पर चर्चा होगी। ओडिशा में आज फोरेंसिक विवि की नींव रखेंगे शाह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में नेशनल फोरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी (एनएफएसयू) के नए कैंपस की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही वह ओडिशा पुलिस की ओर से आयोजित नए आपराधिक कानूनों पर तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। अमित शाह बृहस्पतिवार शाम दो दिवसीय दौरे पर भुवनेश्वर पहुंचें। शुक्रवार को गृह मंत्री शाह केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के 57वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान शाह एनएफएसयू के ट्रांजिट कैंपस का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे और भुवनेश्वर में बनने वाली केंद्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) के लिए भूमि पूजन भी करेंगे। ओडिशा के डीजीपी वाईबी खुरानिया ने बताया कि गृह मंत्री शाह नए आपराधिक कानूनों पर आधारित तीन दिवसीय न्याय संहिता प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी मौजूद रहेंगे। इस मौके पर शाह राज्य में 20 नए साइबर पुलिस स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे और एक मोबाइल फॉरेंसिक वैन को भी हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही कई नए पुलिस स्टेशन भवनों का उद्घाटन किया जाएगा और कुछ थानों में कमांड एंड कंट्रोल (सीसी) और ईओ सुविधाओं की शुरुआत होगी। 40 एकड़ में फैला होगा एनएफएसयू कैंपस अधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान आईआईटी भुवनेश्वर और राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी हस्ताक्षरित किए जाएंगे। भुवनेश्वर में एनएफएसयू का स्थायी कैंपस ओडिशा सरकार की ओर से दी गई 40 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा। इसे फोरेंसिक और संबंधित विज्ञानों का उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के रूप में विकसित किया जाएगा। एनएफएसयू का अस्थायी कैंपस तीन विशेष पाठ्यक्रमों के साथ शुरू होगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 06, 2026, 06:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Updates: पीएम मोदी कल कृषि पर वेबिनार को करेंगे संबोधित; ओडिशा में आज फोरेंसिक विवि की नींव रखेंगे अमित शाह #IndiaNews #International #NewsUpdatesOf6March #PmModi #WestBengal #AmitShahInOdisha #KolkataPolice #Karnataka #Gujarat #SubahSamachar