Kullu News: डेढ़ घंटा बंद रहा एनएच-305, लगीं वाहनों की कतारें
कुल्लू। औट-लुहरी-सैंज सड़क (एनएच-305) पर मंगलौर के पास फिर काफी मात्रा में मलबा आ गया इस कारण सड़क करीब डेढ़ घंटा यातायात के लिए बंद रही। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह पूर्वाह्न 11 बजे क्षेत्र में भारी बारिश के कारण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंगलौर के समीप नाले में मलबा और पानी काफी मात्रा में आ गया। इस कारण मलबा सड़क तक पहुंचकर जमा हो गया। इससे यातायात बाधित हो गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद एनएच अथॉरिटी ने मशीन मौके पर भेजी और मलबे को सड़क से हटाकर एनएच को पूर्वाह्न 12:30 बजे तक बहाल कर दिया। दोनों तरफ वाहनों की लाइनें लगीं होने के कारण वाहनों को आवाजाही करने में काफी परेशानी हुई। सड़क बाधित होने के कारण बंजार घाटी की जनता के साथ एनएच पर सफर कर रहे यात्रियों और पर्यटकों को भी काफी समस्या का सामना करना पड़ा। यात्रियों विशाल, राहुल, राम सिंह, दिनेश कुमार आदि का कहना है कि मंगलौर के पास सड़क पर मलबा आने के कारण बंद हुए मार्ग से उन्हें काफी समस्या का सामना करना पड़ा। इसके चलते निगम की बसों के साथ-साथ सरकारी और निजी वाहन भी काफी लंबे समय तक फंसे रहे। सड़क बहाल होने के बाद भी वाहनों की आवाजाही सुचारु होने में काफी वक्त लग गया। गौरतलब है कि बीते सोमवार को भी इस नाले में मलबा और पानी अधिक आने से एनएच यातायात के लिए भी बंद पड़ गया था। इस दौरान भी लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा था।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 08, 2026, 17:45 IST
Kullu News: डेढ़ घंटा बंद रहा एनएच-305, लगीं वाहनों की कतारें #NH-305RemainedClosedForOneAndAHalfHours #VehiclesStartedQueuingUp. #SubahSamachar
