Chamba News: एनएच बंद, वाहनों की अदला-बदली कर घर पहुंचे यात्री
बत्ती दी हट्टी के पास पहाड़ी से गिरा मलबा, सड़क बहाली में जुटीं मशीनें संवाद न्यूज एजेंसीभरमौर (चंबा)। राष्ट्रीय उच्च मार्ग बत्ती दी हट्टी के पास भूस्खलन से पूरी तरह अवरूद्ध हो गया। भरमौर से चंबा और चंबा से भरमौर के लिए 20 घंटे तक कोई भी बस या अन्य वाहन नहीं जा सके। यात्रियों ने पहले पहाड़ी से गिरे मलबे को पैदल आर-पार किया। उसके बाद वाहनों की अदला-बदली करके आगे का सफर तय किया। एनएच प्राधिकरण की टीम सड़क को बहाल करने के लिए मौके पर डटी रही लेकिन पहाड़ी का मलबा अधिक होने के कारण यातायात बहाल करने में काफी समय लग गया। शुक्रवार रात नौ बजे के करीब भूस्खलन से एनएच बाधित हुआ। शनिवार शाम चार बजे तक एनएच यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया था। दर्जनों वाहन सड़क के दोनों छोरों पर फंसे रहे। उसमें सवार यात्री सड़क के खुलने का इंतजार करते रहे। जेसीबी मशीन और पोकलेन मशीन सड़क से मलबा हटाने में सुबह से लेकर शाम तक जुटी रहीं। एनएच के अधिकारी और कर्मचारी भी वहां डटे हुए नजर आए। एनएच के बार-बार बाधित होने का सिलसिला बंद होने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले तीन दिन से बारिश का क्रम चल रहा है। इस दौरान ऐसा कोई दिन नहीं होगा, जब एनएच बाधित नहीं हुआ हो। बारिश होने पर कहीं न कहीं भूस्खलन शुरू हो जाता है। ऐसे हालातों में वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है। सड़क बंद होने से फंसे यात्रियों में सूरज कुमार, चंदराम, केवल, मनीष कुमार, सुरेश, कमला कुमारी, सोनिया, देसराज और भाल चंद ने बताया कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग को तुरंत बहाल करने के लिए उचित व्यवस्था होनी चाहिए जिससे यात्रियों को दिनभर सड़क पर इंतजार न करना पड़े।बत्ती दी हट्टी के पास सड़क बंद होने पर कुछ लोग रावी नदी के रास्ते जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने लगे। इसकी वीडियो भी सोशल मीडिया में काफी तेजी से वायरल हुई। वहां मौजूद अन्य लोगों ने उन्हें ऐसा करने से मना किया। ये लोग जल्दी घर पहुंचने के लिए ऐसा खतरा मोल लेते हुए नजर आए। एनएच के सहायक अभियंता वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि बत्ती दी हट्टी के पास भूस्खलन से एनएच बंद हुआ है। इसको बहाल करने के लिए मशीनरी कार्य कर रही है। जल्द उसे बहाल करवा दिया जाएगा। एनएच बंद होने की सूचना मिलते ही विधायक डॉ. जनकराज भी वहां पहुंच गए। उन्होंने यात्रियों की परेशानी को समझा और विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क को जल्द यातायात के लिए बहाल करवाएं। इस दौरान कई यात्री उनसे चिकित्सीय परामर्श भी लेने के लिए पहुंच गए जिन्हें उन्होंने जरूरी चिकित्सीय परामर्श भी दिए। चंबा-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर बत्ती दी हट्टी के पास पहाड़ी दरकने से अवरूद्ध मार्ग। स्त्रोत
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 11, 2026, 17:16 IST
Chamba News: एनएच बंद, वाहनों की अदला-बदली कर घर पहुंचे यात्री #NHClosed #PassengersReachedHomeByExchangingVehicles #SubahSamachar
