Nihang Dispute: कर्णप्रयाग विवाद पर सुलह की राह, शांति-संवाद से समाधान पर सहमति, पर निहंगों ने रखी चार मांगें
कर्णप्रयाग प्रकरण के बाद उत्तराखंड में तनावपूर्ण माहौल के बीच शुक्रवार को उत्तराखंड प्रशासन और निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक माहौल में महत्वपूर्ण वार्ता हुई। बैठक में दोनों पक्षों ने शांति बनाए रखने और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने पर सहमति जताई। निहंगों ने प्रशासन के सामने मुकदमा वापस लेने, निहंग सिखों से मिलने समेत चार मांगें रखीं। इन पर प्रशासन ने दो दिन का समय मांगते हुए उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई है। निहंग दो दिनों तक पांवटा साहिब में ही रहेंगे। निहंग प्रतिनिधियों ने कहा कि कर्णप्रयाग घटना में दोनों पक्षों से गलती हुई है और आपसी समझौते के जरिये मामले का समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे कानून-व्यवस्था खराब नहीं करना चाहते, बल्कि भाईचारा और प्रेम का संदेश लेकर आए हैं। उन्होंने मांग रखी कि गिरफ्तार किए गए चार निहंग सिंहों की रिहाई होने तक वह वापस नहीं लौटेंगे। निहंगों ने किसी भी परिस्थिति में कानून को हाथ में नहीं लेने का दियाआश्वासन शुक्रवार को भी उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। इसी बीच शुक्रवार को हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, अल्मोड़ा के एसएसपी हरबंस सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी गुरुद्वारा पांवटा साहिब पहुंचे। इस मौके पर डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र सिंह और थाना प्रभारी कुलवंत सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों और निहंग प्रतिनिधियों के बीच विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा हुई, जिसके बाद उत्तराखंड के अधिकारी लौट गए, जबकि पंजाब से आया निहंगों का जत्था गुरुद्वारा पांवटा साहिब में ही रुका हुआ है। बैठक के बाद हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि निहंग सिंहों के साथ शांति वार्ता सफलतापूर्वक संपन्न हुई है। निहंग सिंहों ने भी शांति बनाए रखने और किसी भी परिस्थिति में कानून को हाथ में नहीं लेने का आश्वासन दिया है। वार्ता सफल रहने के बाद फिलहाल माहौल शांतिपूर्ण बना हुआ है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 27, 2026, 11:24 IST
Nihang Dispute: कर्णप्रयाग विवाद पर सुलह की राह, शांति-संवाद से समाधान पर सहमति, पर निहंगों ने रखी चार मांगें #CityStates #Dehradun #Uttarakhand #NihangDispute #ChamoliNews #UttarakhandNews #SubahSamachar
