Bareilly News: नौ मिमी बारिश... आठ डिग्री लुढ़का दिन का पारा, आज भी मेहरबान रहेंगे बादल
बरेली। सप्ताहभर से मंडरा रहे बादल बुधवार को आधे घंटे तक झूमकर बरसे। इससे दिन का पारा आठ डिग्री लुढ़ककर सामान्य से 11 डिग्री कम दर्ज हुआ। हल्की ठंड का अहसास हुआ। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को भी तेज हवा और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग से जारी बुलेटिन के अनुसार, करीब चार साल बाद अप्रैल में महज एक दिन (24 घंटे) में नौ मिमी बारिश हुई। इससे पहले 2024 में चार, 2023 में दो, 2022 में पांच, 2021 में छह मिमी बारिश हुई थी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, मध्य क्षोभमंडल में पाकिस्तान और पंजाब के पास मंडरा रहे पश्चिमी विक्षोभ और निम्न क्षोभमंडल के संयुक्त प्रभाव से पहाड़ों से सटे मैदानी इलाकों में अचानक निम्न वायुदाब का क्षेत्र बना। तेज हवा संग घने बादल घिरे और अंधेरा सा हो गया। अनुकूल माहौल मिलने पर करीब आधे घंटे तक बारिश हुई।झमाझम बारिश से अधिकतम तापमान लुढ़ककर 25.1 डिग्री दर्ज किया गया। शाम को हवा और सर्द होने लगी और न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी 85 फीसदी रही। विशेषज्ञ ने बृहस्पतिवार को भी अनुकूल माहौल बनने पर बादल, बारिश के आसार जताए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 09, 2026, 03:13 IST
Bareilly News: नौ मिमी बारिश... आठ डिग्री लुढ़का दिन का पारा, आज भी मेहरबान रहेंगे बादल #NineMmOfRain...DaytimeTemperatureDropsByEightDegrees #CloudsWillRemainKindTodayToo #SubahSamachar
