Panipat News: सरसों की सरकारी खरीद का नहीं खुला खाता, सत्यापन के चलते गेट पास नहीं कट पाए
इसराना। अनाज मंडी में सरसों की सरकारी खरीद का खाता शनिवार को नहीं खुल पाया है। हैफेड ने सरसों की एमएसपी पर सरकारी खरीद करनी है, लेकिन सरसों की फसल का किसानों ने पंजीकरण तो कराया था लेकिन मंडी में लेकर पहुंचे किसानों की सरसों का वेरिफिकेशन नहीं होने से गेट पास नहीं कट पाए। मार्केट कमेटी अधिकारियों का कहना है कि सरसों की वेरिफिकेशन राजस्व विभाग के कर्मचारियों द्वारा की जा रही है। मंडी में खरीद एजेंसी हैफेड के प्रतिनिधि भी पहुंचे लेकिन किसानों की सरसों की फसल वेरिफाई नहीं होने से सरसों की खरीद नहीं हो पाई। नौल्था गांव के किसान रामेश्वर, बलाना गांव के किसान ईश्वर व पलडी गांव के किसान बिजेंद्र ने कहा कि उन्होंने अपनी सरसों का पंजीकरण तो कराया हुआ है, लेकिन सरसों वेरिफाई नहीं हुई, इसके चलते गेट पास नहीं कट पाए। इनके अलावा इसराना के किसान मोहित व नवीन इसराना मंडी में सरसों की ट्राली लेकर पहुंचे पर वेरिफाई नहीं होने से अपने ट्रैक्टर ट्राली को वापस ले गए।मार्केट कमेटी के सचिव पवन कुमार ने बताया कि सरसों की सरकारी खरीद के लिए सारी तैयारियां पूरी है और किसानों को खरीद में कोई परेशानी नहीं आने देंगे। जिस किसान की सरसों वेरिफाई होगी तुरंत गेट पास काट कर सरसों की खरीद हो जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 29, 2026, 03:46 IST
Panipat News: सरसों की सरकारी खरीद का नहीं खुला खाता, सत्यापन के चलते गेट पास नहीं कट पाए #NoAccountOpenedForGovernmentPurchaseOfMustard #SubahSamachar
