Noida: शादी के दौरान बरात घर में न्योछावर के पैसे के लिए विवाद, चाकू से वारकर किशोर की हत्या; पांच गिरफ्तार

झुंडपुरा के बरात घर में बृहस्पतिवार देर रात शादी के दौरान न्योछावर के पैसे को लेकर हुए विवाद में एक किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मामले में कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं दो नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक सेक्टर-11 निवासी लक्की बाथम का बेटा श्याम (17) छोटे भाई के साथ बृहस्पतिवार को झुंडपुरा में एक बरात में गए थे। दोनों भाइयों के साथ सेक्टर-11 के ही दो किशोर समेत आसिफ उर्फ अत्थी, तौसीफ, सुदामा, सरफराज भी गए थे। शादी में चढ़त के दौरान न्योछावर के पैसे सभी ने लूटे। श्याम और उसके भाई का एक किशोर से लूटे पैसे के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। किशोर ने दोनों भाइयों पर अधिक पैसे लेने का आरोप लगाया था। किशोर ने आसिफ, तौसीफ, सुदामा, सरफराज समेत अन्य के साथ जब इसका विरोध किया तो श्याम और आसिफ में हाथापाई हो गई। आसिफ ने गुस्से में श्याम पर चाकू से हमला कर लहुलूहान कर दिया। आनन-फानन में श्याम को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता की शिकायत पर आसिफ उर्फ अत्थी, रौनक, तौसीफ, सुदामा, सरफराज समेत दो नाबालिगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुदामा, रौनक, आसिफ उर्फ अत्थी, तौसीफ और सरफराज बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। आरोपियों के पास से 1770 रुपये बरामद किए गए हैं। शादियों में न्योछावर के पैसे लूटने जाते थे आरोपी : पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी आसपास की शादियों में न्योछावर के पैसे लूटने जाते हैं। वहीं इस घटना के बाद सभी आरोपी बिहार भागने की फिराक में थे। ट्रेन की टिकट लेने की तैयारी भी कर चुके थे, लकिन इससे पहले ही पुलिस ने इन्हें पकड़ लिया। घटना के बाद शुक्रवार को मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक के घर में सन्नाटा पसरा हुआ है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 14, 2026, 04:06 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Noida: शादी के दौरान बरात घर में न्योछावर के पैसे के लिए विवाद, चाकू से वारकर किशोर की हत्या; पांच गिरफ्तार #CityStates #DelhiNcr #Noida #Murder #SubahSamachar