Noida International Airport: 1,585 दिन के सफर के बाद शुभारंभ, दो महीने में उड़ान और एक अनूठा 'सियासी' रिकॉर्ड
नोएडा एयरपोर्ट का शुभारंभ तो हो गया लेकिन उड़ान अभी बाकी है। इसका इंतजार भी करीब दो माह बाद खत्म होगा। इस खास दिन तक पहुंचने में एयरपोर्ट को 1,585 दिन का समय लगा। रिकॉर्ड 1,367 दिन में एयरपोर्ट बनकर तैयार हुआ। एक रिकॉर्ड यह भी बना कि पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसी एयरपोर्ट का शिलान्यास और उद्घाटन किया हैं। 25 नवंबर, 2021 को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की नींव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी। एयरपोर्ट का भौतिक निर्माण जून 2022 में शुरू हुआ था। उसके बाद तेजी से ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण किया गया। 1,367 दिन में एयरपोर्ट का पहला चरण बनकर तैयार हो गया है। इतने कम समय में तैयार होने वाला यह पहला ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट है। शनिवार को पीएम मोदी ने ही इसका उद्घाटन भी कर दिया। देश में ऐसा पहली बार हुआ है कि जब किसी एयरपोर्ट का शिलान्यास और उद्घाटन एक ही प्रधानमंत्री ने किया है। साथ ही दोनों बार प्रदेश का मुख्यमंत्री भी एक रहा है। अफसरों ने बताया कि एयरपोर्ट पांच रनवे का होगा लेकिन पहले चरण में एक रनवे बनाया गया है जिस पर हर साल 1.20 करोड़ यात्री सफर कर सकेंगे। वर्ष 2030 तक रनवे की संख्या दो हो जाएगी। साथ ही यात्रियों की वार्षिक संख्या तीन करोड़ तक पहुंच जाएगी। 2036 तक पांच करोड़ और 2040 तक सात करोड़ यात्री सफर करेंगे। एयरपोर्ट के बाहर व अंदर सुरक्षा होगी पुख्ता, बनेंगी 5 स्थायी पुलिस चौकियां समारोह के दौरान अस्थायी चौकियों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखा गया। अब यह इंतजाम स्थायी होगा। पांच अस्थायी पुलिस चौकियों को स्थायी बनाया जाएगा। सात-सात यूनिट के अग्निशमन केंद्र बनाने का भी फैसला लिया गया है। 70 पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, उनको इमिग्रेशन से जुड़ी जानकारी भी दी गई। पुलिस अफसरों ने बताया कि भविष्य में यहां वीआईपी मूवमेंट होगा तो उस दौरान आम जनता को कोई परेशानी नहीं होगी। इसी हिसाब से प्लान तैयार किया गया है। एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात 70 पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। जॉइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि इमिग्रेशन कोर्स करने वालों में तीन निरीक्षक, 24 उपनिरीक्षक, 17 मुख्य आरक्षी व 26 आरक्षी शामिल हैं। इनके अलावा 30 उपनिरीक्षक, 14 मुख्य आरक्षी व 17 आरक्षियों सहित कुल 61 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जेवर डॉमेस्टिक टर्मिनल थाने के लिए 35 नागरिक पुलिसकर्मियों के पद स्वीकृत किए गए हैं। इनमें एक निरीक्षक, दो उपनिरीक्षक, दो मुख्य आरक्षी, तीन कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए, 15 आरक्षी, दो आरक्षी चालक और तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शामिल हैं। जॉइंट सीपी ने बताया कि एयरपोर्ट क्षेत्र की सुरक्षा को सशक्त बनाने के लिए पांच नई अस्थायी पुलिस चौकियां बनाई गईं। इनमें पुलिस चौकी माइल स्टोन-32 किमी, कार्गो टर्मिनल, डॉमेस्टिक टर्मिनल, माइल स्टोन-27 किमी और माइल स्टोन-15 किमी शामिल हैं। इन सभी चौकियों के माध्यम से एयरपोर्ट की परिधि सुरक्षा को मजबूत कियागया है। आग लगी तो तत्काल मिलेगी मदद पुलिस अफसरों ने बताया कि यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-32 और सेक्टर-18 में दो नए अग्निशमन केंद्र के लिए अनुमति मिल गई है। दोनों स्थानों पर 7,485 वर्गमीटर भूमि पर सात-सात यूनिट के अग्निशमन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। हर अग्निशमन केंद्र के लिए एक अग्निशमन अधिकारी, तीन अग्निशमन द्वितीय अधिकारी, एक एएसआईएम, आठ एलएफएम, नौ एफएस चालक और 44 फायरमैन तैनात होंगे। एयरपोर्ट पर तैनात होंगे पांच राजपत्रित अधिकारी अफसरों ने बताया कि एयरपोर्ट पर पांच राजपत्रित अधिकारियों को तैनात किया जाएगा। इनमें एक-एक पुलिस उपायुक्त और अपर पुलिस उपायुक्त व तीन सहायक पुलिस आयुक्त शामिल हैं। साथ ही 70 सहायक स्टाफ के पदों का प्रस्ताव भेजा गया है। थाना जेवर इंटरनेशनल टर्मिनल के निर्माण के लिए 4,000 वर्गमीटर भूमि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही वहां पर एक निरीक्षक, दो उपनिरीक्षक, नौ मुख्य आरक्षी, तीन कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए, 15 आरक्षी, दो आरक्षी चालक और तीन चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की तैनाती की प्रक्रिया चल रही है। एयरपोर्ट के पास बनेगी पुलिस लाइन सूरजपुर स्थित पुलिसलाइन की एयरपोर्ट से दूरी करीब 55 किमी है। ऐसे में यहां पुलिस लाइन एयरपोर्ट के पास बनाने का फैसला लिया गया है। इसके लिए यमुना प्राधिकरण से 10 हजार वर्ग मीटर जमीन मांगी है। पीएम को सुनने के लिए वीवीआईपी और वीआईपी ब्लाॅक में घुस गई भीड़ जनसभा में पुलिस-प्रशासन के सख्त सुरक्षा के दावे पीएम के संबोधन के अंतिम समय में हवा हो गए। पीएम नरेंद्र मोदी को सुनने और सामने से देखने के लिए भीड़ बैरिकेडिंग को पार करके वीवीआईपी और वीआईपी ब्लाॅक में दाखिल हो गई। महिलाएं वीआईपी ब्लाॅक में रखे सोफे के ऊपर खड़ी हो गईं। कुछ देर के लिए अव्यवस्था सी फैल गई। आरक्षित ब्लाॅक में बैठे पास धारकों की लोगों से बहस शुरू हो गई। पीएम की जनसभा के लिए पांच लेयर सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी। मुख्य मंच के आगे बने सुरक्षा घेरे डी के बाद वीवीआईपी और उसके पीछे वीआईपी ब्लाॅक था। इसके बाद सभा में आने वाले आमजनों के लिए व्यवस्था की गई थी। वीवीआईपी और वीआईपी ब्लाॅक में प्रवेश के लिए पास जारी किए गए थे। लेकिन सभा के अंतिम क्षणों में जब भीड़ बढ़ी तो लोग सारी सुरक्षा को पीछे छोड़ते हुए वीवीआईपी और वीआईपी ब्लाॅक तक पहुंच गए। पश्चिमी यूपी को मिलेगी नई रफ्तार : पंकज चौधरी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यूपी विकास और वैश्विक संभावनाओं की नई पहचान बन रहा है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देगा। चौधरी ने कहा कि परियोजना पश्चिमी यूपी में उद्योग, व्यापार, पर्यटन, निर्यात और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को बड़ा प्रोत्साहन देगी। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां तेज होंगी। लाखों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर मिलेंगे। किसानों और व्यापारियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि रैपिड रेल, मेट्रो और एक्सप्रेसवे नेटवर्क जैसी परियोजनाएं क्षेत्र में विकास का नया ढांचा तैयार कर रही हैं। इससे न सिर्फ कनेक्टिविटी बेहतर होगी बल्कि समय की बचत और कारोबार में सुगमता भी बढ़ेगी। उद्यमी बोले, आसानी से दूसरे देशों और प्रदेशों में पहुंचेगा माल नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होने के बाद उद्यमियों को गुरुग्राम-दिल्ली के ट्रैफिक का सामना नहीं करना पड़ेगा। वे अपने उत्पाद वैश्विक बाजार तक आसानी से पहुंचा सकेंगे। एयरपोर्ट के लोकार्पण पर शहर के उद्यमियों ने खुशी जताई। इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन (आईआईए) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजीव बंसल ने कहा कि अभी तक वैश्विक बाजार तक पहुंचने के लिए उद्यमियों के पास दिल्ली का इंदिरा गांधी एयरपोर्ट ही था। ऐसे में उन्हें कई बार दूसरे देशों और राज्यों तक उत्पाद भेजने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। नोएडा अपैरल क्लस्टर के अध्यक्ष ललित ठुकराल ने कहा कि जिले में चार हजार से ज्यादा टेक्सटाइल कंपनियां चल रही हैं। ये अपने उत्पादों को निर्यात भी करती हैं। वैश्विक बाजार में उत्पाद आसानी से पहुंचाने के लिए नोएडा एयरपोर्ट अहम भूमिका निभाएगा। ऐसे में शहर के उत्पाद घरेलू से लेकर वैश्विक बाजार में मजबूत पहचान बना पाएंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 29, 2026, 03:34 IST
Noida International Airport: 1,585 दिन के सफर के बाद शुभारंभ, दो महीने में उड़ान और एक अनूठा 'सियासी' रिकॉर्ड #CityStates #DelhiNcr #Noida #NoidaInternationalAirport #SubahSamachar
