Aligarh News: अलीगढ़ की तंग गलियों में कूड़ा फेंका तो ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचेगा नगर निगम का नोटिस

280 बड़े कचरा पॉइंट खत्म करने के बाद अब गलियों को कचरा मुक्त बनाने की तैयारी, 15 दिन में चालू होंगे चार नए ट्रांसफर स्टेशनअलीगढ़। शहर की सड़कों से 280 बड़े कचरा पॉइंट खत्म करने के बाद नगर निगम ने अब तंग गलियों और मोहल्लों को कचरा मुक्त बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए कचरा रोक-टोक अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत लोगों को पहले जागरूक किया जाएगा। दो बार समझाने के बाद भी सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों को ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचकर नोटिस दिया जाएगा। महापौर प्रशांत सिंघल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने एक दिसंबर तक शहर को पूरी तरह कचरा पॉइंट मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है।शनिवार को नगर निगम सेवा भवन में सफाई व्यवस्था की समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त ने अर्बन कंपनी, सुकमा कंपनी और नगर निगम के स्वच्छता एवं खाद्य निरीक्षकों के साथ करीब तीन घंटे तक मंथन किया। सामने आया कि कई तंग गलियों में बड़े कूड़ा संग्रहण वाहन नहीं पहुंच पाते हैं। इसके चलते लोग गलियों और खाली स्थानों पर कचरा डाल देते हैं। अब ऐसी गलियों को चिह्नित कर घर-घर से कूड़ा उठाने की वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जाएगी। छोटी गलियों में कर्मचारी हाथ से संचालित उपकरणों के जरिये कचरा एकत्र करेंगे।15 दिन में चालू होंगे चार ट्रांसफर स्टेशनशहर में कचरे के परिवहन और निस्तारण को बेहतर बनाने के लिए 3.47 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से चार नए कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन तैयार किए जा रहे हैं। नगर आयुक्त के अनुसार, अगले 15 दिन में इन्हें क्रियाशील करने का लक्ष्य है। इन स्टेशनों पर कचरे के परिवहन के लिए 25 कैप्सूल और चार हुक लोडर भी लगाए जाएंगे।18 वार्डों में शुरू हुई टिप कार्ट मशीन से उठाननगर निगम ने गलियों से कचरा उठाने के लिए टिप कार्ट मशीनों का इस्तेमाल भी शुरू किया है। फिलहाल 18 वार्डों में ये मशीनें सक्रिय हैं। दिसंबर से पहले सभी वार्डों में इन्हें उपलब्ध कराने की योजना है। मशीनों की मदद से हाथगाड़ी, ट्रॉली और साइकिल रिक्शा में एकत्र कचरे को छोटे वाहनों में बिना हाथ लगाए स्थानांतरित किया जा सकेगा। इससे कचरा बिखरने की समस्या कम होगी और सफाई कर्मचारियों को भी सहूलियत मिलेगी।नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि शहर को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने के लिए घर-घर से कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था प्रभावी की जा रही है। महापौर प्रशांत सिंघल ने नागरिकों से अपील की कि वे कूड़ा सड़क या गली में फेंकने के बजाय नगर निगम के संग्रहण कर्मियों को ही दें और अभियान में सहयोग करें।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 17, 2026, 14:36 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Aligarh News: अलीगढ़ की तंग गलियों में कूड़ा फेंका तो ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचेगा नगर निगम का नोटिस #NoticeForGarbageDumping #SubahSamachar