Kangra News: त्रियूंड ट्रेक पर जाने वाले स्थानीय लोगों का अब वार्षिक पास बनेगा
धर्मशाला। त्रियूंड ट्रेक को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए वन विभाग ने प्रवेश नियमों में बड़े बदलाव का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के तहत स्थानीय लोगों के लिए एक वर्ष की वैधता वाला वार्षिक पास बनाया जाएगा, जबकि बाहरी पर्यटकों को ट्रेक पर जाने के लिए सामान्य प्रवेश शुल्क देना होगा।वन विभाग लाखों रुपये खर्च कर त्रियूंड ट्रेक का जीर्णोद्धार करने जा रहा है। एक अप्रैल तक विभाग कार्य शुरू करने की तैयारी में है। इस परियोजना के तहत ट्रेक की मरम्मत, टूटे हिस्सों को दुरुस्त करना, सुरक्षा रेलिंग लगाना, साइन बोर्ड और कूड़ेदान जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। विभाग का उद्देश्य बढ़ते पर्यटन के बीच प्राकृतिक संतुलन बनाए रखना और स्वच्छता सुनिश्चित करना है। पर्यटकों से मिलने वाली राशि को ट्रेक के संरक्षण पर ही खर्च किया जाएगा।स्थानीय लोगों के लिए वार्षिक पास की सुविधा से क्षेत्र के गाइडों और घोड़ा-खच्चर संचालकों को बार-बार फीस देने से राहत मिलेगी। ट्रेक की स्थिति सुधरने से न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय पर्यटन व्यवसाय को भी नई गति मिलेगी।त्रियूंड ट्रेक के लिए जल्द ही ऑक्शन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हमारी कोशिश है कि 1 अप्रैल से कार्य शुरू कर दिया जाए। इसके लिए नियम व शर्तें तय की जा रही हैं। प्रक्रिया पूरी होते ही इसे अमलीजामा पहनाया जाएगा। -अमित शर्मा, डीएफओ, वन मंडल धर्मशाला
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 19:27 IST
Kangra News: त्रियूंड ट्रेक पर जाने वाले स्थानीय लोगों का अब वार्षिक पास बनेगा #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
