Delhi NCR News: एनएसयूआई ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ निकाला मार्च

नई दिल्ली। एनएसयूआई ने 20 जुलाई को हुए संसद चलो मार्च के दौरान छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में सोमवार को छात्र न्याय मार्च निकाला। छात्र जंतर-मंतर तक जाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उन्हें प्रदर्शन वाली जगह पर पहुंचने से काफी पहले जंतर-मंतर रोड पर रोक दिया गया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया। इस मार्च में एनएसयूआई ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग भी की। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में निकाला गया यह छात्र न्याय मार्च 20 मार्च को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल छात्रों के खिलाफ कथित हिंसा, पैलेट गन के इस्तेमाल और पुलिस कार्रवाई के विरोध में आयोजित किया गया। मार्च में छात्रों और कार्यकर्ताओं ने न्याय और जवाबदेही की मांग को लेकर नारे लगाए। मार्च को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और रास्ते में बैरिकेडिंग की गई। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर मोदी सरकार की कड़ी निंदा की। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए छात्रों के साथ हुए व्यवहार के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि छात्र इस देश का भविष्य हैं, अपराधी नहीं। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस बल, पैलेट गन, बैरिकेडिंग और हिरासत का इस्तेमाल पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा वाराणसी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर की भी कड़ी निंदा की। ब्यूरो

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 03, 2026, 15:04 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Delhi NCR News: एनएसयूआई ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ निकाला मार्च #NSUITookOutAMarchAgainstPoliceAction #SubahSamachar