Odisha: सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दो गुटों में हिंसक झड़प, पुलिसकर्मियों समेत 12 लोग घायल; 10 गिरफ्तार

ओडिशा के गंजम जिले में 'महाभारत' नाटक के मंचन के दौरान दो थिएटर समूहों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में दो पुलिसकर्मियों सहित करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि यह घटना बुधवार देर रात गोलंथरा थाना क्षेत्र के मार्कंडी गांव में हुई। रामपल्ली और गोविंदपुर गांवों के दो थिएटर समूहों के सदस्यों के बीच तीखी बहस हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। ग्रामीणों ने ठाकुरानी यात्रा के आखिरी दिन नाटक करने के लिए इन दोनों समूहों को बुलाया था। पुलिस अधिकारी के अनुसार, थिएटर कमेटियों के सदस्यों के बीच शुरू हुई बहस धीरे-धीरे इतनी बढ़ गई कि उन्होंने एक-दूसरे पर ईंटें और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस दौरान त्योहार की ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने जब स्थिति को संभालने की कोशिश की, तो मामला और बिगड़ गया। आरोप है कि दोनों समूहों ने पुलिस को भी निशाना बनाया और उन पर पत्थरों व देसी बमों से हमला किया। पुलिस का कहना है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से देसी बमों का इस्तेमाल किया। ये भी पढ़ें:सीएम सिद्धारमैया इस्तीफे के बाद बोले:कांग्रेस आलाकमान के कहने पर पद छोड़ा, राज्यपाल के सचिव को दिया त्यागपत्र पुलिस ने इस मामले में अब तक दोनों समूहों के 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। घटनास्थल से देसी बमों के अवशेष, पत्थर, ईंटें, बांस और हमले में इस्तेमाल अन्य सामान जब्त किया गया है। बरहामपुर के एसपी सरवण विवेक एम ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और पुलिस हर गतिविधि पर कड़ी नजर रख रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 28, 2026, 16:48 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Odisha: सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दो गुटों में हिंसक झड़प, पुलिसकर्मियों समेत 12 लोग घायल; 10 गिरफ्तार #IndiaNews #National #OdishaViolence #OdishaViolenceNews #GanjamClash #MahabharataPlay #ThakuraniYatra #PoliceAttack #CrudeBombs #OdishaNews #SubahSamachar