Noida News: ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर बुजुर्ग महिला से 42 लाख की ठगी
ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर अलग-अलग खातों में भेजी रकम, साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज माई सिटी रिपोर्टर नोएडा। साइबर जालसाजों ने एक बुजुर्ग महिला को ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 42.13 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने करीब 42 लाख रुपये अलग-अगल बैंक खातों में उनसे जमा कराए। जब उन्हें धोखाधड़ी का पता चला तो उन्होंने साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। सेक्टर-92 निवासी 67 वर्षीया महिला ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ लोगों ने खुद को निवेश सलाहकार बताकर संपर्क किया था। उन्होंने उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग में पैसा लगाने और कम समय में भारी मुनाफा का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्हें एक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया। कुछ समय बाद महिला ने जब अपना पैसा निकालने और मुनाफा लेने की कोशिश की, तो आरोपियों ने नए-नए बहाने बनाकर टालना शुरू कर दिया। बाद में उनके फोन बंद हो गए और संपर्क पूरी तरह टूट गया। इसके बाद महिला को अहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गई हैं। फिर उन्होंने एनसीआरपी पोर्टल पर इसकी शिकायत की। जांच के दौरान साइबर पुलिस को पता चला कि महिला से ट्रेडिंग के नाम पर विभिन्न खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई थी। डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गायल ने बताया कि इस मामले में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधी लगातार निवेश और ट्रेडिंग के नाम पर लोगों को निशाना बना रहे हैं। खासकर बुजुर्गों और ऐसे लोगों को आसानी से फंसाया जा रहा है। साइबर ठगों से ऐसे बचें-सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप और टेलीग्राम पर मिलने वाले निवेश प्रस्तावों पर आंख बंद करके भरोसा न करें।-कम समय में दोगुना या कई गुना रिटर्न देने का दावा करने वाली योजनाओं से सतर्क रहें।-किसी भी ट्रेडिंग ऐप या कंपनी में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें।-अनजान लोगों के कहने पर किसी खाते में पैसा ट्रांसफर न करें।-साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 27, 2026, 20:26 IST
Noida News: ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर बुजुर्ग महिला से 42 लाख की ठगी #OldwomanSwindledOutOf42LakhWithLureOfTradingProfit #SubahSamachar
