Ujjain: चतुर्दशी पर निराले रूप में दिखे बाबा महाकाल, भांग के श्रृंगार और ड्रायफ्रूट की माला से सजा दिव्य दरबार

आषाढ़ कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर सोमवार सुबह भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल के दरबार में हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्त देर रात से ही कतारों में लगकर अपने आराध्य बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह चारबजे मंदिर के पट खुलने के बाद भगवान महाकाल का अलौकिक श्रृंगार किया गया और भस्म अर्पित की गई। भक्तों ने इन दिव्य दर्शनों का लाभ लिया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर "जय श्री महाकाल" के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में आषाढ़ कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर सोमवार सुबह 4 बजे भस्म आरती संपन्न हुई। वीरभद्र जी से आज्ञा लेने के बाद मंदिर के पट खुलते ही पंडे-पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी देवी-देवताओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर, पंचामृत और फलों के रस से किया गया। पूजन के दौरान प्रथम घंटा बजाकर हरि-ॐ का जल अर्पित किया गया। पुजारियों और पुरोहितों ने बाबा महाकाल का भव्य श्रृंगार किया तथा कपूर आरती के बाद उन्हें नवीन मुकुट धारण कराया। इसके पश्चात महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल के शिवलिंग पर भस्म अर्पित की गई। फिर झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के बीच भव्य भस्म आरती संपन्न हुई। ये भी पढ़ें-MP News: मप्र में इसी महीने लागू होगा यूनिफॉर्म सिविल कोड, सीएम मोहन यादव ने लाड़ली बहनों को भेजे 1835 करोड़ आज के श्रृंगार की विशेषता यह रही कि बाबा महाकाल का भांग, त्रिपुंड और त्रिनेत्र से विशेष श्रृंगार किया गया। इन अलौकिक दर्शनों का लाभ हजारों श्रद्धालुओं ने लिया। पूरे मंदिर परिसर में "जय श्री महाकाल" के जयघोष गूंजते रहे। मान्यता है कि भस्म अर्पित किए जाने के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। यह है आरती का समय - भस्म आरती सुबह 4 से 6 बजे तक - दद्योदक आरती प्रात: 7 से 7:45 बजे तक - भोग आरती प्रात: 10 से 10:45 बजे तक - संध्या पूजन सायं 5 से 5:45 बजे तक - संध्या आरती सायं 7:00 से 7:45 बजे - शयन आरती रात्रि 10:30 से 11:00 बजे तक महाकालेश्वर मंदिर मे आरतियों के समय में हुआ यह बदलाव आश्विन मास की पूर्णिमा (शरद पूर्णिमा) तक जारी रहेगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 13, 2026, 06:49 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Ujjain: चतुर्दशी पर निराले रूप में दिखे बाबा महाकाल, भांग के श्रृंगार और ड्रायफ्रूट की माला से सजा दिव्य दरबार #CityStates #MadhyaPradesh #Ujjain #MahakalBhasmaAarti #UjjainMahakal #ShriMahakaleshwarTemple #BabaMahakal #BhasmaAarti #MahakalDarshan #UjjainNews #SubahSamachar