Panipat News: समाजवादी क्रांति दिवस पर वक्ताओं ने शोषणमुक्त समाज के निर्माण पर दिया जोर
माई सिटी रिपोर्टर पानीपत। भगतसिंह स्मारक स्थित टीकाराम सखुन सभागार में शनिवार को महान अक्तूबर समाजवादी क्रांति दिवस पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता राज्य कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला सह सचिव एडवोकेट रामरतन और हरियाणा राज्य सचिव कामरेड दरियाव सिंह कश्यप ने संयुक्त रूप से की। संचालन सीपीआई के जिला सचिव एडवोकेट पवन सैनी ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी ने शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव और महान क्रांतिकारी व्लादिमीर इलिच लेनिन की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।मुख्य वक्ता कामरेड दरियाव सिंह कश्यप ने कहा कि सात नवंबर 1917 को रूसी जनता ने लेनिन के नेतृत्व में जारशाही तानाशाही का खात्मा कर मजदूरों-किसानों का राज कायम किया था। इस क्रांति ने उत्पादन के साधनों पर सामूहिक अधिकार स्थापित कर सोवियत संघ में अशिक्षा, बेरोजगारी और असमानता का सफाया किया था।सीपीआई के जिला सचिव एडवोकेट पवन सैनी ने वर्तमान परिदृश्य पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नव-उदारवाद, भूमंडलीकरण और जनविरोधी नीतियों के चलते आज महंगाई, बेरोजगारी और सांप्रदायिकता विकराल रूप ले चुकी हैं। ऐसे में अक्तूबर क्रांति का इतिहास हमें नए पूंजीवाद व साम्राज्यवाद के खिलाफ संघर्ष तेज करने का आह्वान करता है। एडवोकेट रामरतन ने कहा कि मजदूरों-किसानों की एकजुटता से ही शोषणमुक्त दुनिया का सपना साकार हो सकता है। इस मौके पर सूरत सिंह देशवाल, भूपेंद्र कुमार, सतीश कुमार, ओम सिंह, शमीम, विजय, नईम, इंद्र सिंह, जुनैद राणा व नवल किशोर मौजूद रहे।2
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 07, 2026, 19:02 IST
Panipat News: समाजवादी क्रांति दिवस पर वक्ताओं ने शोषणमुक्त समाज के निर्माण पर दिया जोर #OnSocialistRevolutionDay #SpeakersEmphasizedTheCreationOfASocietyFreeFromExploitation. #SubahSamachar
