Panipat News: लापता दो बहनों में एक अंबाला में मिली
पानीपत। ढाई माह से लापता दो नाबालिग सगी बहनों के मामले में नया मोड़ आ गया है। परिवार और बैरागी महासभा की दी आंदोलन की चेतावनी के बाद पुलिस ने एक किशोरी को अंबाला से खोज लिया। उसे फिलहाल सृष्टि होम में रखा गया है और सोमवार को उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश कर काउंसिलिंग कराई जाएगी। वहीं दूसरी किशोरी की तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र की गोपाल कॉलोनी से 15 अप्रैल को दोनों नाबालिग बहनें लापता हो गई थीं। इसके बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश का दावा करती रही, लेकिन सुराग नहीं मिला। इसी बीच रविवार को हरियाणा बैरागी सभा के प्रधान सतबीर बैरागी ने सोमवार को जिला सचिवालय पर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और आंदोलन से पहले ही एक किशोरी को खोज लिया गया। पुलिस ने किशोरी को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया, जिसके बाद उसे सृष्टि होम भेज दिया गया। सतबीर बैरागी ने बताया कि दूसरी को भी जल्द ढूंढ लिया जाएगा, जिसके चलते प्रस्तावित प्रदर्शन फिलहाल टाल दिया गया है। वहीं बाल कल्याण समिति के चेयरमैन केदार दत्त कौशिक ने बताया कि बरामद किशोरी को समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। उसका मंगलवार को काउंसिलिंग की जाएगी। ब्यूरो
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 30, 2026, 02:47 IST
Panipat News: लापता दो बहनों में एक अंबाला में मिली #OneOfTheTwoMissingSistersFoundInAmbala. #SubahSamachar
