धान घोटाला : जगदंबा राइस मिल संचालकों पर प्राथमिकी
कुरुक्षेत्र/इस्माईलाबाद। हैफेड के जिला प्रबंधक (डीएम) ने जगदंबा राइस मिल पर 11.25 करोड़ रुपये का धान व बारदाना खुर्द-बुर्द करने के आरोप में थाना इस्माईलाबाद में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इससे पहले भी जिले में हुए धान घोटाले में पिहोवा की चौधरी राइस मिल पर प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। जगदंबा राइस मिल में धान कम मिलने पर देरी बरतने व पीवी के संबंध में मिलरों के ऑडियो वायरल होने के बाद अब किसान संगठन फिजिकल वेरिफिकेशन (पीवी) टीम पर भी अनियमितताएं बरतने का आरोप लगा रहे हैं। किसान संगठनों ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग की है। हैफेड के डीएम शमशेर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जगदंबा राइस मिल को चालू खरीफ के सीजन के दौरान हैफेड एजेंसी द्वारा 59 हजार 115 क्विंटल धान मिलिंग करने के लिए आवंटित किया गया था। विभाग की टीम ने 24 मार्च को पीवी के दौरान मिल के स्टॉक की जांच की जिसमें रिकॉर्ड की तुलना में 38 हजार 894.92 क्विंटल धान कम मिली। डीएम ने बताया कि कम मिले धान की अनुमानित कीमत करीब 11 करोड़ 11 लाख 13 हजार 999 रुपये बनती है। इसके अलावा मिल के स्टॉक के हिसाब से हैफेड के 17 हजार आठ सौ 60 बैग नए बारदाने के कम मिले हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 14 लाख 24 हजार 846 रुपये बनती है। इस तरह मिल ने 11 करोड़ 25 लाख 38 हजार 845 रुपये गबन किया है। शिकायत पर पुलिस ने गबन करने व सरकारी संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने के आरोप में जगदंबा राइस मिल के मालिकों व जमानतदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।थाना प्रभारी जगदीश शर्मा ने बताया कि हैफेड के प्रबंधक की शिकायत पर जगदंबा राइस मिल के हिस्सेदार मालिक रीटा व हिस्सेदार मालिक बीर कुमार और जमानतदार गौरव बंसल व मुख्तियार सिंह जिन्होंने मिलर के पक्ष में गारंटी दी थी। उनके खिलाफ सरकारी धन के गबन, धोखाधड़ी और अमानत में खयानत करने के आरोप में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 29, 2026, 03:23 IST
धान घोटाला : जगदंबा राइस मिल संचालकों पर प्राथमिकी #PaddyScam:FIRAgainstJagdambaRiceMillOperators #SubahSamachar
