Panchkula: सेक्टर-5 क्लब के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग में दो घायल, पुलिस मुठभेड़ में दो शूटर गिरफ्तार
पंचकूला सेक्टर-5 स्थित एक क्लब के बाहर बुधवार देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से शहर में सनसनी फैल गई। हमलावरों ने क्लब से बाहर निकल रहे व्यक्ति पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं, जिससे दो लोग घायल हो गए। वारदात के बाद फरार हो रहे दोनों आरोपियों को पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमों ने पीछा कर रामगढ़ क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब एक बजे सेक्टर-5 स्थित एक क्लब से रतन लुबाना बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटनास्थल पर करीब 10 से 12 राउंड फायर किए गए। जान बचाने के लिए दोनों व्यक्ति भागने लगे, लेकिन हमलावर लगातार गोलियां चलाते रहे। फायरिंग में रतन लुबाना के पेट में गोली लगी, जबकि दूसरे व्यक्ति के कंधे में गोली लगने की सूचना है। दोनों घायलों को सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुचाया गया। दूसरे व्यक्ति के कंधे में गोली लगीं है। दोनों प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर किया गया है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम सक्रिय हो गया और जिले की सभी क्राइम ब्रांच टीमों को अलर्ट कर दिया गया। पुलिस ने तुरंत बाइक पर सवार होकर भाग आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया। पीछा करते हुए पुलिस टीमों ने रामगढ़ के निकट आरोपियों को रोकने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि पुलिस के रुकने के इशारे के बावजूद आरोपियों ने क्राइम ब्रांच की टीमों पर फायरिंग कर दी। इसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई और क्रॉस फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरप्रीत (18 वर्ष), निवासी होशियारपुर (पंजाब) और जसविंदर, निवासी जगराओं (पंजाब) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस सुरक्षा में रखा गया है। सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार दोनों शूटर कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फायरिंग के पीछे की वजह, संभावित गैंगवार तथा अन्य आपराधिक कड़ियों की जांच की जा रही है। उधर, सेक्टर-5 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 04, 2026, 03:54 IST
Panchkula: सेक्टर-5 क्लब के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग में दो घायल, पुलिस मुठभेड़ में दो शूटर गिरफ्तार #CityStates #Panchkula #Firing #Encounter #SubahSamachar
