Chamba News: अभिभावकों की दो टूक...शिक्षक तैनात न किए तो करेंगे तालाबंदी
चंबा। शिक्षा खंड गैहरा के तहत प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में शिक्षकों की कमी और बार-बार प्रतिनियुक्ति की व्यवस्था को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। राजकीय प्राथमिक पाठशाला ग्रौंड़ी और अलमी में शिक्षकों की कमी से नाराज ग्रामीणों ने अब शिक्षा विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो स्कूलों में तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। ग्राम पंचायत बलोठ स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला ग्रौंड़ी में वर्तमान में 111 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं जबकि इन्हें पढ़ाने के लिए महज दो शिक्षक तैनात हैं। पांच कक्षाओं की पढ़ाई संचालित करना शिक्षकों के लिए चुनौती बना हुआ है। अभिभावकों का कहना है कि जब दोनों में से किसी एक शिक्षक की बीएलओ, जनगणना, डेपुटेशन या अन्य गैर-शैक्षणिक कार्य में ड्यूटी लग जाती है तो स्कूल में एक ही शिक्षक के सहारे पूरी व्यवस्था रह जाती है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। एक से दूसरे स्कूल में अस्थायी तौर पर शिक्षक भेजने की नीति समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। इससे जिस स्कूल से शिक्षक भेजा जाता है, वहां भी पढ़ाई प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि छात्र संख्या के अनुपात में स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति की जाए। अलमी प्राथमिक स्कूल में भी शिक्षकों की कमी है। इसके चलते वहां भी शिक्षक की व्यवस्था की जानी चाहिए। ग्रौंड़ी स्कूल में 111 बच्चे हैं और पढ़ाने के लिए केवल दो शिक्षक हैं। इनमें से एक की गैर-शैक्षणिक कार्यों में ड्यूटी लगने पर पूरी व्यवस्था चरमरा जाती है। बच्चों के भविष्य से इस तरह खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।-पवन कुमार अभिभावकअलमी स्कूल के लिए शिक्षक की व्यवस्था ग्रौंड़ी से करने के बजाय संबंधित जीएसएसएस कॉम्प्लेक्स से की जानी चाहिए। एक स्कूल की कमी पूरी करने के लिए दूसरे स्कूल को कमजोर करना समस्या का समाधान नहीं है। -उतम चंद अभिभावकबीएलओ और अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की ड्यूटी लगाने से सीधे तौर पर बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। शिक्षकों को प्राथमिकता के आधार पर शिक्षण कार्य के लिए उपलब्ध रखा जाना चाहिए। -पूजा देवी अभिभावकयदि विभाग ने जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया तो ग्रामीण डीसी को ज्ञापन सौंपेंगे। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो स्कूलों में तालाबंदी और अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाया जाएगा।-सुभाष कुमार अभिभावक
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 18, 2026, 23:18 IST
Chamba News: अभिभावकों की दो टूक...शिक्षक तैनात न किए तो करेंगे तालाबंदी #Parents'Ultimatum:LockoutIfTeachersAreNotPosted. #SubahSamachar
