Gurugram News: गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य के दौरान यात्री घायल

गुरुग्राम। गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान एक यात्री घायल हो गया। घटना मंगलवार शाम करीब 5:50 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री अमित शर्मा के सिर पर ऊपर से एक नट-बोल्ट गिर गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और वह कुछ समय के लिए बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद यात्रियों ने तुरंत उनकी मदद की और प्राथमिक उपचार कराया। घायल यात्री अपनी ट्रेन 54417 का इंतजार कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने स्टेशन मास्टर आरएस मीणा के पास मामले की शिकायत दर्ज कराई।शिकायत मिलने के बाद स्टेशन मास्टर ने निर्माण कार्य कर रही कंपनी वीसीएल ग्रुप के मैनेजर को मौके पर बुलाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि मैनेजर मौके पर नहीं पहुंचे। यात्री का कहना है कि उन्होंने करीब 30 मिनट तक इंतजार किया, लेकिन कोई अधिकारी वहां नहीं आया। घटना के बाद यात्रियों ने स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। यात्रियों का कहना है कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। सुरक्षा जाल, बैरिकेड और अन्य सावधानियां नहीं होने के कारण आम यात्रियों की सुरक्षा खतरे में है। यात्रियों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराई जाए, घायल यात्री को उचित इलाज और मुआवजा दिया जाए। साथ ही लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो। संवाद

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 08, 2026, 16:01 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Gurugram News: गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य के दौरान यात्री घायल #PassengerInjuredDuringConstructionWorkAtGurugramRailwayStation #SubahSamachar