यूपीपीएससी : आयोग के परिसर में योग और विवेकानंद का संदेश, न्यायमूर्ति विक्रम नाथ ने किया योगपीठम उद्घाटन
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) परिसर में अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को योग, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्रीय गौरव की प्रेरणा देने वाला नया केंद्र मिल गया है। सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति विक्रम नाथ ने नवनिर्मित आदित्य पतंजलि योगपीठम् का उद्घाटन कर इसे युवाओं को आत्मबोध और सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ने की पहल के रूप में स्थापित किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में स्वामी विवेकानंद की विशाल प्रतिमा का अनावरण भी किया। आयोग के इतिहास में यह पहला अवसर बताया गया, जब सुप्रीम कोर्ट के किसी सेवारत न्यायमूर्ति ने परिसर का आधिकारिक दौरा किया। कार्यक्रम में योग, सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्र निर्माण और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया को एक साथ जोड़ने का संदेश दिया गया। योग, आत्मचिंतन और राष्ट्र गौरव का केंद्र बनेगा योगपीठम आदित्य पतंजलि योगपीठमको केवल एक भवन के रूप में नहीं, बल्कि अभ्यर्थियों के मानसिक विकास और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने वाले स्थल के रूप में विकसित किया गया है। यहां सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राओं को प्रदर्शित किया गया है। साथ ही देश के नोबेल पुरस्कार विजेताओं के योगदान को भी स्थान दिया गया है, ताकि युवा भारत की बौद्धिक उपलब्धियों और वैश्विक पहचान से परिचित हो सकें। स्वामी विवेकानंद की विशाल प्रतिमा का अनावरण इस पहल का प्रमुख आकर्षण रहा। विवेकानंद के विचार युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हैं। आयोग परिसर में इस प्रतिमा की स्थापना को अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणादायी वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 19, 2026, 16:07 IST
यूपीपीएससी : आयोग के परिसर में योग और विवेकानंद का संदेश, न्यायमूर्ति विक्रम नाथ ने किया योगपीठम उद्घाटन #CityStates #Prayagraj #UppscNews #JusticeVikramNath #AdityaPatanjaliYogpeetham #SwamiVivekanandaStatue #PrayagrajNews #SupremeCourt #MeritBasedSelection #UppscCampus #SubahSamachar
