Chamba News: किलाड़ अस्पताल में ऑपरेशन के लिए रेफर नहीं होंगे मरीज
चंबा। नागरिक अस्पताल किलाड़ में अब सभी प्रकार की सर्जरी होंगी। सरकार ने अस्पताल में एनेस्थीसिया डॉक्टर को नियुक्त कर दिया है। यह आदेश उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद सरकार ने जारी किए हैं। डॉक्टर अविनाश धीमान पांगी में सर्जन के साथ मिलकर मरीजों के ऑपरेशन करने में अहम भूमिका निभाएंगे। पिछले चार सालों से पांगी में सर्जन तो तैनात है लेकिन, एनेस्थीसिया का कोई भी डॉक्टर न होने के कारण ऑपरेशन नहीं हो पा रहे थे। इमरजेंसी में भले ही सर्जन मरीजों को राहत दे रहे थे लेकिन रूटीन के पथरी, हर्निया, अपेंडिक्स सहित अन्य ऑपरेशन के लिए मरीजों को चंबा या कुल्लू रेफर किया जा रहा था। ऐसे मरीजों को पांगी से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पांगी घाटी की 19 पंचायतों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। पांगीवासी सुरेंद्र ठाकुर, मनोज कुमार, हंसराज, चैन लाल, रवि कुमार, केवल, प्रताप सिंह और योगराज ने बताया कि पिछले कई सालों से एनेस्थीसिया डॉक्टर की नियुक्ति करने की मांग की जा रही थी जो अब जाकर पूरी हुई है। भले ही सरकार ने उच्च न्यायालय के आदेश पर यह नियुक्ति करने का फैसला लिया है लेकिन इससे पांगी घाटी के लोगों को ही फायदा होगा। इसके लिए उन्होंने उच्च न्यायालय और सरकार का आभार प्रकट किया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज ने बताया कि पांगी में एनेस्थीसिया डॉक्टर की नियुक्ति के आर्डर जारी हुए हैं। सर्जन और एनेस्थीसिया डॉक्टर मिलकर घाटी के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देंगे। विधायक डॉ. जनकराज ने बताया कि सरकार से यहां डॉक्टर की तैनाती को लेकर बार-बार मांग की जा रही थी लेकिन सरकार उनकी मांग को हर बार अनसुना कर रही थी। इस बार उच्च न्यायालय के आदेशों पर सरकार ने यह नियुक्ति की है। इसके लिए उन्होंने न्यायालय का आभार जताया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 28, 2026, 22:36 IST
Chamba News: किलाड़ अस्पताल में ऑपरेशन के लिए रेफर नहीं होंगे मरीज #PatientsWillNotBeReferredForOperationInKiladHospital #SubahSamachar
