Bulandshahar News: मौत के बाद भी ट्रांसफार्मर न हटाने पर लोगों ने किया प्रदर्शन
सिकंदराबाद। मोहल्ला सादिक नगर में घर से सटाकर लगाए गए ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने सोमवार को ऊर्जा निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। रविवार सुबह ट्रांसफार्मर के बॉक्स में करंट उतरने से चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई थी। लोगों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर को स्थानांतरित करने का एस्टीमेट बनने और शुल्क जमा होने के बावजूद विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। मोहल्ला सादिक नगर में ट्रांसफार्मर के डिस्ट्रीब्यूशन (एलटी) बॉक्स में करंट आने से चार वर्षीय मासूम सवरे आलम की रविवार सुबह मौत हो गई। मासूम की मौत के बाद लोगों ने ऊर्जा निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और ट्रांसफार्मर को आबादी वाले रास्ते से हटाने की मांग की। मोहल्ला निवासी नजर गाजी ने बताया कि उनके मकान के मुख्य द्वार से बिल्कुल सटाकर विद्युत विभाग ने ट्रांसफार्मर रख रखा है। ट्रांसफार्मर दीवार के बेहद करीब होने के कारण बारिश के दिनों में कई बार घर में करंट उतरने जैसी स्थिति बन जाती है। सुरक्षा कारणों से परिवार के लोग मुख्य गेट का उपयोग नहीं कर पाते हैं। दूसरे रास्ते से घर में प्रवेश करते हैं। नजर व छोटू ने बताया कि ट्रांसफार्मर हटाने के लिए उन्होंने ऊर्जा निगम से कई बार शिकायत की। ऊर्जा निगम ने ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग का 10,549 रुपये का एस्टीमेट बनाया और राशि जमा करा ली। इसके बावजूद अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं हटाया गया। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करेंगे। इस दौरान साबुद्दीन, शाहरुख, आमिर, आबाद, वकील, फरमान व रहमान आदि मौजूद रहे। -- कोट ट्रांसफार्मर को हटाने का एस्टीमेट बन चुका है। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रांसफार्मर को शीघ्र ही दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया जाएगा। - रवि कुमार, अभियंता सिकंदराबाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 01, 2026, 18:42 IST
Bulandshahar News: मौत के बाद भी ट्रांसफार्मर न हटाने पर लोगों ने किया प्रदर्शन #BulandshahrNews #SubahSamachar
