नवंबर 2027 तक पूरी होगी फिन्ना सिंह सिंचाई परियोजना : अग्निहोत्री
नूरपुर (कांगड़ा)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की महत्वाकांक्षी फिन्ना सिंह सिंचाई परियोजना को नवंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। लगभग 644 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना लंबे समय से अधर में लटकी थी। इस पर प्रदेश सरकार अपने संसाधनों से अब तक करीब 300 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है।शुक्रवार को चंबा रवाना होने से पूर्व नूरपुर विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के लगातार प्रयासों के बाद केंद्र से परियोजना के लिए वित्तीय सहायता मंजूर हुई है। शेष आवश्यक धनराशि प्रदेश सरकार उपलब्ध करवाएगी ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हरित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए ई-बसों का विस्तार किया जा रहा है। चार्जिंग स्टेशन स्थापित होते ही नूरपुर क्षेत्र में भी ई-बसें संचालित की जाएंगी। पूर्व विधायक अजय महाजन ने फिन्ना सिंह परियोजना के लिए केंद्र से बजट स्वीकृत करवाने के प्रयासों के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताया और नूरपुर में ई-बसें संचालित करने का आग्रह किया। इस अवसर पर हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नूरपुर के अध्यक्ष सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य लोग उपस्थित रहे। गैर-जरूरी मुद्दों को तूल दे रही भाजपा : मुकेशविश्राम गृह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के कर्मचारियों को ओपीएस बहाल करने का ऐतिहासिक फैसला कांग्रेस सरकार ने ही लिया है। प्रदेश में कांग्रेस ने भाजपा के ऑपरेशन लोटस को विफल कर दिया है। भाजपा की बुनियाद कमजोर हुई है। नीट पेपर लीक, छात्र आंदोलन और किसान आंदोलन जैसे मुद्दों पर देश का युवा व किसान वर्ग भाजपा सरकार से सीधे सवाल कर रहा है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में ईंधन के दाम पड़ोसी राज्यों की तुलना में अब भी काफी कम हैं। पेट्रोल के दामों में की गई मामूली बढ़ोतरी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने के मकसद से की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गैर-जरूरी मुद्दों को तूल देकर आम जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।फतेहपुर में विधायक के साथ विकास कार्यों पर की चर्चाफतेहपुर (कांगड़ा)। चंबा दौरे के दौरान शुक्रवार शाम फतेहपुर पहुंचे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विधायक भवानी सिंह पठानिया के निवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्र के विकासात्मक कार्यों, आगामी परियोजनाओं और जनसमस्याओं पर चर्चा की। उपमुख्यमंत्री ने विकास कार्यों को गति देने का भरोसा दिया। इससे पहले विधायक पठानिया और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। संक्षिप्त प्रवास के बाद अग्निहोत्री चंबा रवाना हो गए, जहां वे 15 अगस्त को ऐतिहासिक चौगान मैदान में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में तिरंगा फहराएंगे। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 14, 2026, 22:28 IST
नवंबर 2027 तक पूरी होगी फिन्ना सिंह सिंचाई परियोजना : अग्निहोत्री #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
