NEET Paper Leak Row: नीट पेपर लीक पर जगदलपुर में NSUI का उग्र प्रदर्शन, जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में हुए फर्जीवाड़े, प्रश्न-पत्र लीक और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की विफलता के विरोध में बुधवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) जिला बस्तर इकाई ने प्रदर्शन किया। उन्होंने जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा। एनएसयूआई ने स्पष्ट किया कि लाखों छात्रों के भविष्य को शिक्षा माफियाओं के हाथों नीलाम नहीं होने दिया जाएगा। आदित्य सिंह बिसेन ने ज्ञापन सौंपते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विश्वगुरु बनने का ढिंढोरा पीटने वाली सरकार युवाओं को पारदर्शी परीक्षा प्रणाली नहीं दे पा रही है। सरकार के पास चुनाव प्रचार के लिए समय है, पर छात्रों की चीखें सुनने का नहीं। विशाल खंबारी ने केंद्र सरकार और एनटीए को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे दूरस्थ अंचलों का गरीब छात्र कर्ज लेकर पढ़ाई करता है। सरकार उन्हें परिश्रम के बदले पेपर लीक की गारंटी दे रही है। सत्ताधीशों ने शिक्षा को भ्रष्ट मंडी बना दिया है। एनटीए जैसी संस्था पर पर्दा डालकर सरकार शिक्षा माफियाओं को संरक्षण दे रही है। एनएसयूआई ने नीट धांधली की सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में स्वतंत्र जांच की मांग की है। इस घोटाले में संलिप्त शिक्षा माफियाओं और भ्रष्ट अधिकारियों को चिह्नित कर रासुका के तहत कार्रवाई की जाए। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में विफल रही एनटीए की प्रशासनिक जवाबदेही तय हो। भविष्य की परीक्षाओं को सुरक्षित बनाने के लिए सख्त प्रशासनिक रूपरेखा लागू की जाए। एनएसयूआई की खुली चेतावनी एनएसयूआई ने शासन-प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब जाग चुका है और अपने हकों पर डाका बर्दाश्त नहीं करेगा। यदि छात्रों की मांगों पर त्वरित कार्रवाई नहीं हुई, तो एनएसयूआई एक विशाल जन आंदोलन खड़ा करेगी। इस दौरान उत्पन्न कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस अवसर पर विशाल खंबारी, माजलिल्लाह, शेख अयाज, पंकज केवट, हंशु नाग, दीपेश पांडेय, दक्ष साहू, अमन चंदेल, तनमय चौहान, समीर कुमार, वैभव पाणिग्रही और नितेश चंदेल उपस्थित थे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 13, 2026, 18:54 IST
NEET Paper Leak Row: नीट पेपर लीक पर जगदलपुर में NSUI का उग्र प्रदर्शन, जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा #CityStates #Jagdalpur #Chhattisgarh #NeetExamPaperLeak #Education #SubahSamachar
