Ballia News: खुद को गोली मारकर दूसरों को फंसाने की साजिश का खुलासा, घायल युवक गिरफ्तार
बलिया। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में गोलीकांड के एक मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चौंकाने वाला तथ्य उजागर किया है। पुलिस जांच में पता चला कि जिस आयुष राय ने खुद को गोली मारे जाने की घटना बताकर छह लोगों पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया था, उसने साजिश रचकर दूसरे लोगों को फंसाने का प्रयास किया था। पुलिस ने घायल युवक को ही गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। 25 मई 2026 को हरनाटार दयालपुर निवासी सुनील राय ने थाना सिकंदरपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 23 मई की रात कुछ लोग उनके दरवाजे पर पहुंचे और उनके पुत्र आयुष राय पर फायरिंग कर दी, जिससे उसके हाथ में गोली लग गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस को शिकायतकर्ता और घायल युवक के बयानों में बदलाव से मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसके बाद विवेचक ने मेडिकल रिपोर्ट, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, तकनीकी विश्लेषण और अन्य वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर पड़ताल की। पुलिस के अनुसार जांच में यह तथ्य सामने आया कि घटना में घायल आयुष राय उर्फ नारियल की भूमिका ही संदिग्ध है। साक्ष्यों के आधार पर आयुष राय तथा मऊ जनपद निवासी एक अन्य युवक रावीन सिंह का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद पहले दर्ज धाराओं को हटाते हुए मामले में नई धाराएं बढ़ाई गईं। मंगलवार को सिकंदरपुर पुलिस ने आयुष राय उर्फ नारियल को गिरफ्तार कर लिया। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया गया है तथा दूसरे आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। - रजनीश कुमार यादव, क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 02, 2026, 22:10 IST
Ballia News: खुद को गोली मारकर दूसरों को फंसाने की साजिश का खुलासा, घायल युवक गिरफ्तार #PlotToFrameOthersByShootingHimselfExposed #InjuredYouthArrested #SubahSamachar
