चंडीगढ़ आ रहे हैं पीएम मोदी: सड़क से गगन तक अभेद्य सुरक्षा घेरे में शहर, ई-बसों से पेक में पहुंचेंगे लोग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुक्रवार के चंडीगढ़ दौरे को लेकर ट्राइसिटी पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में सुरक्षा एजेंसियों ने सड़क, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, होटल, गेस्ट हाउस और सीमावर्ती क्षेत्रों तक अभेद्य सुरक्षा घेरा बना दिया है। इस दौरान प्रधानमंत्री चंडीगढ़ में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे जबकि मोहाली और कालका रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण भी करेंगे। वीरवार को पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का अंतिम निरीक्षण किया जबकि स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी), चंडीगढ़ पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने सुबह से शाम तक कई चरणों में ड्राई रन कर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया। शहर में 1,200 से अधिक पुलिस और सुरक्षा जवान तैनात कर दिए गए हैं जबकि प्रधानमंत्री की सुरक्षा की कमान एसपीजी ने संभाल ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार दोपहर पेक परिसर में करीब 45 मिनट के कार्यक्रम के दौरान 6,600 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क, स्वास्थ्य और आवास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इसे चंडीगढ़ और ट्राइसिटी के लिए हाल के वर्षों का सबसे बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर पैकेज माना जा रहा है। कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में आमंत्रित लोगों को पेक तक पहुंचाने के लिए सीटीयू की 50 से अधिक पीएम ई-बसें लगाई गई हैं। अधिकतर लोगों को पहले सेक्टर-17 में एकत्रित किया जाएगा जहां से बसें उन्हें कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाएंगी। प्रशासन का उद्देश्य पेक और आसपास के क्षेत्र में निजी वाहनों की आवाजाही कम रखना है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 17, 2026, 04:12 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




चंडीगढ़ आ रहे हैं पीएम मोदी: सड़क से गगन तक अभेद्य सुरक्षा घेरे में शहर, ई-बसों से पेक में पहुंचेंगे लोग #CityStates #Chandigarh-punjab #PmNarendraModi #PmChandigarhVisit #SubahSamachar