टीकमगढ़ में शादी समारोह में बवाल: महिला डांसर ने लगाया मारपीट और 65 हजार रुपये छीनने का आरोप, वीडियो वायरल

टीकमगढ़ के बड़ागांव धसान थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान आर्केस्ट्रा पार्टी की महिला डांसर और उसके सहयोगी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बड़ागांव धसान के वार्ड क्रमांक 9 में धनीराम अहिरवार की बेटी का विवाह समारोह आयोजित किया गया था। बारात टीकमगढ़ के नरगुड़ा गांव से आई थी, जिसके साथ मनोरंजन के लिए आर्केस्ट्रा पार्टी भी बुलाई गई थी। कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण बन गई। महिला डांसर ने डायल-112 पर सूचना देकर आरोप लगाया कि कार्यक्रम के लिए तय की गई पूरी राशि का भुगतान नहीं किया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की गई और करीब 65 हजार रुपये छीन लिए गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। ये भी पढ़ें-Guna News: बेकाबू कंटेनर पुलिया से नीचे गिरकर बना आग का गोला, ड्राइवर की जिंदा जलने से मौत; क्लीनर भी झुलसा पुलिस के अनुसार, मामले में रोहित अहिरवार और दीपक अहिरवार को हिरासत में लेकर शांति भंग की आशंका के तहत धारा 151 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। वहीं महिला डांसर द्वारा लगाए गए मारपीट और रुपये छीनने के आरोपों की अलग से जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि महिला डांसर के साथ मारपीट किसने की। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि घटना शनिवार देर रात की है, जबकि इसका वीडियो रविवार दोपहर करीब 12 बजे सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 21, 2026, 16:00 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




टीकमगढ़ में शादी समारोह में बवाल: महिला डांसर ने लगाया मारपीट और 65 हजार रुपये छीनने का आरोप, वीडियो वायरल #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Tikamgarh #TikamgarhNews #BaragaonDhasan #WeddingCeremonyDispute #FemaleDancer #OrchestraTroupe #AssaultCase. #SubahSamachar