Tikamgarh News: जतारा विधायक पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पड़ी भारी, युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज; अब आगे क्या?

टीकमगढ़ में सोशल मीडिया पर जतारा विधायक हरिशंकर खटीक के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक की पहचान पलेरा क्षेत्र के समीप स्थित लारौन गांव निवासी रिंकू पाठक के रूप में हुई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता रोहित चौरसिया द्वारा जतारा थाने में एक लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 1 जुलाई 2026 को फेसबुक पर की गई एक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में आरोपी युवक द्वारा विधायक हरिशंकर खटीक के संबंध में कथित रूप से अभद्र, अपमानजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां की गईं। शिकायतकर्ता का कहना है कि उक्त टिप्पणियों से न केवल विधायक की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया, बल्कि उनके समर्थकों और शुभचिंतकों की भावनाएं भी आहत हुई हैं। ये भी पढ़ें-MP Weather Today: मध्यप्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 19 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, नदी-नाले उफान पर शिकायत के आधार पर जतारा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1)(ए), धारा 296 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों और संबंधित डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले की जांच की जिम्मेदारी कार्यवाहक प्रधान आरक्षक अमर चंद्र अहिरवार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले की विवेचना जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 03, 2026, 16:48 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Tikamgarh News: जतारा विधायक पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पड़ी भारी, युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज; अब आगे क्या? #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Tikamgarh #Jatara #HarishankarKhatik #SocialMedia #Fir #SubahSamachar