गुरुग्राम फायरिंग मामला: गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही पुलिस, CCTV फुटेज को कब्जे में लिया
लग्जरी कार शोरूम बिग बॉय टॉयज (बीबीटी) पर ताबड़तोड़ फायरिंग मामले में पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। फायरिंग मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों की पहचान झज्जर के कुलासी गांव निवासी अतुल, दीपक व नीरज के रूप में की गई है। शनिवार की देर शाम हीरो होंडा चौक के पास बीबीटी शोरूम पर फायरिंग मामले में सेक्टर-37 थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने बिग बॉय टॉयज (बीबीटी) शोरूम पर फायरिंग की थी। पुलिस ने घटनास्थल से 23 खाली खोल बरामद किए हैं। बदमाशों ने शोरूम में खड़ी लग्जरी गाड़ियों को भी निशाना बनाया। फायरिंग के दौरान गोली लगते ही शोरूम के एंट्रेंस के शीशे भी चूर-चूर हो गए। इस दौरान बीबीटी के मालिक के कार चालक राजस्थान निवासी राजपाल के हाथ को गोली छूकर निकलने से वह घायल हो गया था। राजपाल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शोरूम पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में ले लिया है। फायरिंग के बाद पोस्ट वायरल बीबीटी शोरूम पर फायरिंग किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। वायरल पोस्ट के माध्यम से हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुर की ओर से फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई है। पोस्ट में लिखा है, कल जो बीबीटी गुरुग्राम पर गोली चली है, वो हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुर ने चलवाई है। जतिन अहुजा को शायद बात समझ नहीं आई, तो अब अगर समझ गया तो ठीक है। नहीं तो, जो भी इसके किसी भी शोरूम पर आए, चाहे कोई एम्प्लॉई हो या कस्टमर, अपनी तैयारी करके आए। अगली बार गोली किसी को भी लग सकती है। हम जिम्मेदार नहीं होंगे। भाऊ गैंग, सिंस 2020। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि वायरल पोस्ट के बारे में छानबीन की जा रही है। अक्तूबर 2024 में पांच करोड़ रुपये की मांगी थी फिरौती पुलिस जांच में सामने आया है कि बीबीटी शोरूम के मालिक को अक्तूबर 2024 में भाऊ गैंग की ओर से धमकी दी गई थी। उस समय भाऊ गैंग की ओर से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। इस मामले में सेक्टर-37 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। भाऊ गैंग की ओर से पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के घटना के करीब डेढ़ साल बाद बीबीटी शोरूम पर फायरिंग की गई है। जांच अधिकारी एएसआई दिनेश दहिया ने बताया कि फायरिंग के बाद घटनास्थल से 23 खाली खोल बरामद हुए हैं। मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। अक्तूबर 2024 में फिरौती मांगने मामले की भी फिर से छानबीन की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 08, 2026, 19:14 IST
गुरुग्राम फायरिंग मामला: गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही पुलिस, CCTV फुटेज को कब्जे में लिया #CityStates #Gurugram #SubahSamachar
