Bareilly News: डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की सूचना पर दौड़ी पुलिस
आंवला। गांव गोठा खंडुवा में रविवार सुबह 11:00 बजे डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने की तैयारियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां ग्रामीणों को बिना सूचना नया कार्य न कराने की हिदायत दी। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। गांव के आंबेडकर पार्क में एक चबूतरे पर कुछ लोग डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के लिए फाउंडेशन तैयार कर रहे थे। सूचना पर पुलिस मौके पर गई, तो लोगों ने वहां खोदे गए गड्ढे में मिट्टी भरकर पाटना शुरू कर दिया। ग्रामीणों को बिना सूचना के कोई भी नया कार्य न करने की हिदायत दी गई। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। ग्रामीण जितेंद्र सिंह गौतम, विद्याराम सागर, रामबहादुर, छत्रपाल आदि ने बताया कि 25 साल से 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती पर शोभायात्रा व अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस बार पशुधन मंत्री को भी कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। कार्यक्रम के लिए पार्क में साफ-सफाई की जा रही थी। आरोप है कि किसी शरारती तत्व ने माहौल खराब करने की फर्जी सूचना दी है। ग्रामीण शिवचरन व राजकुमार गौतम ने बताया कि उन्होंने इस पार्क में बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित करने के लिए दो माह पहले अनुमति मांगने के लिए एसडीएम को ज्ञापन भी दिया गया था। कुछ ग्रामीणों ने गांव में प्रतिमा बनवाकर रख ली है। केवल अनुमति का इंतजार है। गांव में सभी जाति-वर्ग के लोग भाईचारे से रहते है। सीओ नितिन कुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने वादा किया है कि वे ऐसा कोई भी कार्य नहीं करेंगे, जिससे गांव में तनाव हो।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 13, 2026, 02:53 IST
Bareilly News: डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की सूचना पर दौड़ी पुलिस #PoliceRushedToTheSpotAfterReceivingInformationAboutTheInstallationOfAStatueOfDr.Ambedkar. #SubahSamachar
