नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: बस्तर पुलिस ने 51 लाख रुपये का गांजा पकड़ा, दो तस्कर भी गिरफ्तार
बस्तर पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गांजे की तस्करी करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 51 लाख रुपये का गांजा बरामद किया गया है। बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि 10 मार्च की शाम को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, ओडिशा से गांजा लेकर आया एक युवक आड़ावाल रेलवे फाटक के पास ग्राहक का इंतजार कर रहा था। थाना स्टाफ ने एक टीम बनाकर मौके पर नाकाबंदी की। पुलिस को देख भाग रहे युवक पवन नेताम (29 साल) को पकड़ा गया। वह डोंगरीपारा ग्राम तुरेनार, थाना नगरनार का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से दो प्लास्टिक के पैकेट में 2.58 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसकी कीमत एक लाख 29 हजार रुपये थी। एक मोबाइल भी जब्त किया गया। पवन नेताम की निशानदेही पर गांजा के सप्लायर की जानकारी ली गई। पुलिस ने एक टीम बनाकर रायगढ़ भेजी। वहां दबिश देकर हीरालाल नाईक (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 100.24 किलोग्राम गांजा मिला। इसकी कीमत 50 लाख 12 हजार रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के पास से कुल 51 लाख 41 हजार रुपये का गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 11 मार्च को जेल भेज दिया। बस्तर पुलिस गांजे के साथ अफीम के तस्करों पर भी लगातार कार्रवाई कर रही है। यह कार्रवाई नशे के खिलाफ पुलिस के अभियान का हिस्सा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 11, 2026, 19:25 IST
नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: बस्तर पुलिस ने 51 लाख रुपये का गांजा पकड़ा, दो तस्कर भी गिरफ्तार #CityStates #Crime #Jagdalpur #JagdalpurPolice #SubahSamachar
